प्रधानमंत्री मोदी से 'सीधा संवाद' करेंगे चिन्मय विद्यालय बोकारो के विद्यार्थी


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त 2026 को "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान" का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान में 10 हजार से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवा एक साथ नशा मुक्त भारत की शपथ लेंगे। इस खास अवसर पर चिन्मय विद्यालय बोकारो के विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीधा संवाद करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए विद्यालय के सेमिनार हॉल में तैयारियों पूरी हो गई हैं। चिन्मय मिशन बोकारो की आवासीय आचार्या स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती, अध्यक्ष बिस्वरूप मुखोपाध्याय, कोषाध्यक्ष आरएन मलिक, सचिव महेश त्रिपाठी, प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप प्राचार्य नरमेंद्र कुमार एवं उप प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा ने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दी।

2 अगस्त को ऑनलाइन जुड़ेंगे छात्र-छात्राएं 

पीएम मोदी भारत के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ रविवार, 2 अगस्त को ऑनलाइन जुड़ेंगे। वे विद्यार्थियों को नशा मुक्त शपथ दिलाएंगे एवं उनके साथ संवाद भी करेंगे। विद्यार्थी पीएम मोदी से ऑनलाइन माध्यम से सवाल भी पूछेंगे। इसके लिए चिन्मय विद्यालय बोकारो का भी चयन हुआ है। विद्यालय के करीब 200 से अधिक विद्यार्थियों पीएम मोदी के साथ इस ऑनलाइन सत्र में जुड़ेंगे एवं उनके साथ सीधा संवाद करेंगे। विद्यार्थियों में भी इसको लेकर उत्साह देखने को मिला। प्राचार्य सूरज शर्मा ने कहा कि भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और पीएम मोदी द्वारा "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान" बहुत सराहनीय पहल है। इससे विद्यार्थियों को कम उम्र से ही अपनी जिम्मेदारियों का बोध होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान पीएम मोदी से सीधा संवाद करने के लिए चिन्मय विद्यालय बोकारो का चयन होना न सिर्फ विद्यालय परिवार, बल्कि पूरे जिले के लिए बहुत गर्व की बात है।

और नया पुराने