डीपीएस बोकारो का बढ़ा गौरव: प्रीति सिन्हा और पी. कलावती को मिला गार्गी मंजू सम्मान


शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र-निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो की प्रधानाध्यापिका प्रीति सिन्हा एवं वरिष्ठ शिक्षिका पी. कलावती को प्रतिष्ठित गार्गी मंजू सम्मान 2026 से नवाजा गया है। रविवार देर शाम रांची में गार्गी मंजू सम्मान के चौथे संस्करण के दौरान अंग्रेजी शिक्षिका श्रीमती सिन्हा एवं हिन्दी की पूर्व विभागाध्यक्ष श्रीमती कलावती हिन्दी के प्रख्यात कवि, साहित्यकार पद्मश्री डॉ अशोक चक्रधर एवं अंग्रेजी के विद्वान, साहित्यकार व कलाकार एंड्रू हॉफ लैंड के हाथों सम्मानित की गईं। शैक्षिक योगदान, समर्पण एवं समाज-निर्माण में उनकी महती भूमिका के लिए 11,000 रुपए की नकद पारितोषिक राशि, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति प्रदान कर अलंकृत किया गया। उल्लेखनीय है कि शिक्षा के माध्यम से समाज-सुधार की अलख जगाने वाली टेंडर हार्ट स्कूल, रांची की संस्थापिका स्व. गार्गी मंजू की पुण्य स्मृति में सुधीर तिवारी फाउंडेशन की ओर से प्रतिवर्ष राज्य के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया जाता रहा है। इस बार के चौथे संस्करण में राज्य के 114 विद्यालयों के लगभग 250 हिन्दी-अंग्रेजी एवं भाषा-साहित्य के शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। 

दोनों शिक्षिकाओं का 20 साल से अधिक है अनुभव 

सोमवार को डीपीएस बोकारो की उक्त दोनों शिक्षिकाओं के बोकारो लौटने पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने प्रोत्साहित करते हुए इस उपलब्धि के लिए अपनी बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे शिक्षिकाओं के समर्पण, उनकी कर्तव्यनिष्ठता एवं अनुकरणीय सेवा का प्रतिफल तथा विद्यालय परिवार के लिए अनुपम गौरव बताया। विदित हो कि प्रधानाध्यापिका प्रीति सिन्हा विगत 22 वर्षों से अंग्रेजी अध्यापन से जुड़ी हैं, वहीं हिन्दी शिक्षिका पी. कलावती को 25 वर्षों से अधिक का कुशल अनुभव है। दोनों शिक्षिकाओं ने इसका श्रेय अपने प्राचार्य के सहयोग व मार्गदर्शन को देते हुए अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। प्राचार्य के साथ-साथ पूरे विद्यालय परिवार ने शिक्षिकाद्वय को बधाई दी।

और नया पुराने