ढोल-मांदर की थाप पर झूम उठा बोकारो, झारखंड स्थापना दिवस पर हुआ स्ट्रीट डांस


बोकारो की शाम आज रंगों, रागों और परंपरा से सराबोर रही। झारखंड स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में, शुक्रवार की संध्या को जिले के विभिन्न चिन्हित स्थलों पर स्ट्रीट डांस का आयोजन किया गया। पूरे शहर का माहौल ढोल-मांदर की थाप, नगाड़े की गूंज और गीतों की मिठास से गूंज उठा। जिला मुख्यालय के कोऑपरेटिव मेन गेट, बोकारो मॉल, सिटी मॉल चीरा चास, अमृत पार्क एवं सिटी सेंटर बी.एस.सिटी में स्ट्रीट डांस का आयोजन हुआ। डीसी समेत जिला स्तरीय पदाधिकारीगण सिटी सेंटर स्थित स्ट्रीट डांस कार्यक्रम में शामिल हुए।

संगीत और संस्कृति हमें जोड़ते हैं 


उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि, मिल-जुलकर ऐसा वातावरण तैयार करें कि सबों का जुड़ाव हो, जहां हर व्यक्ति, हर वर्ग, हर विचार एक सुर में गूंजे - यही झारखंड की आत्मा है। उन्होंने कहा कि नृत्य और संगीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सौहार्द और संस्कृति की पहचान हैं। डीसी ने आह्वान किया कि हर शुक्रवार की शाम नृत्य-संगीत के कार्यक्रमों के माध्यम से बोकारो को संगीतमय बनाया जाए, ताकि लोग एक साथ जुड़ें और समाज में सकारात्मकता और समरसता का भाव मजबूत हो। इन कार्यक्रमों में स्थानीय लोग बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे संस्कृति के इस उत्सव का हिस्सा बनें और “बोकारो की शाम” को हर सप्ताह एक नई ऊर्जा से सजाएं। 

लोकनृत्य की थाप पर झूमे दर्शक - लोक संस्कृति का हुआ रंगारंग प्रदर्शन

कार्यक्रम में छऊ लोकनृत्य की ऊर्जावान प्रस्तुति, घोड़ा नृत्य की पारंपरिक झांकी, भगवान बिरसा मुंडा थीम पर संथाली नृत्य और सोहराय गीतों की मधुर गूंज ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया। दर्शक झारखंड की विविध सांस्कृतिक रंगत में ऐसे डूबे कि तालियों की गड़गड़ाहट देर तक गूंजती रही। हर प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि झारखंड की लोकधारा आज भी जीवंत है - मिट्टी की खुशबू और संगीत की आत्मा से भरी हुई। शहर के प्रत्येक कोने में आज हमारा झारखंड - हमारी पहचान की गूंज सुनाई दी। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकारों ने जब मंच संभाला, तो दर्शक भी झूम उठे। ढ़ोल, मांदर, बांसुरी और नगाड़े की तालों पर थिरकते कदमों ने यह अहसास कराया कि यह भूमि केवल संसाधनों की नहीं, बल्कि संस्कृति और सौहार्द की भी धरोहर है। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डा. सुमन गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, बीडीओ चास डा. प्रदीप कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, स्थानीय कलाकार दल, स्कूली छात्र एवं बड़ी संख्या में दर्शकगण उपस्थित थे। 


और नया पुराने