बोकारो के टू टैंक गार्डन में विस्थापित अप्रेंटिस संघ एवं विस्थापित परिवारों की ओर से जारी अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के दौरान आज उस समय चिंता का माहौल उत्पन्न हो गया,जब शहीद प्रेम महतो जी की माँ की तबीयत अचानक बिगड़ गई।धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम के डॉ. कामाख्या ने उनका उपचार किया और बेहतर चिकित्सा के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इस घटना ने धरना स्थल पर मौजूद विस्थापित परिवारों की चिंता और बढ़ा दी।अपने अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।ऐसे में एक बुजुर्ग माँ की तबीयत बिगड़ना आंदोलनकारियों के लिए बेहद पीड़ादायक क्षण बन गया।
विस्थापितों के अधिकारों को देना होगा
विस्थापितों के आंदोलन को नैतिक समर्थन दे रहीं बोकारो की विधायक श्वेता सिंह ने इस घटनाक्रम पर BSL प्रबंधन के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि विस्थापितों की भावनाओं,उनकी पीड़ा और उनके अधिकारों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रबंधन को समय रहते चेत जाने की नसीहत देते हुए कहा कि विस्थापित परिवारों की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विस्थापितों की जायज मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई,तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा,बल्कि संवाद, सकारात्मक पहल और समयबद्ध समाधान की आवश्यकता है। विस्थापितों की लड़ाई केवल रोजगार की नहीं,बल्कि सम्मान, अधिकार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है।
Tags
झारखण्ड
