बोकारो के बीएससिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर 12 मोड़ स्थित शराब दुकान में बुधवार की रात में साबल से शीट को तोड़कर शराब की चोरी कर ली गई. सूचना के आधार पर बीएससिटी थाना के पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर जाकर सत्यापन किया गया तो पाया गया कि सेक्टर 12 मोड स्थित लाइसेंसी शराब दुकान के पीछे तरफ के चदरा उखाडकर अज्ञात चोरों द्वारा काफी मात्रा में विदेशी शराब चोरी कर ली गई है।
4 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
इस संबंध में वादी संदीप कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर बीएससिटी थाना काण्ड संख्या 114/2026 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना द्वारा काण्ड का उद्भेदन एवं अपराधियों का गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक नगर, राजीव रंजन के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के अंदर काण्ड का उद्भेदन करते हुए चोरी गये विदेशी शराब को बरामद कर लिया गया एवं घटना में संलिप्त 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
750 विभिन्न ब्रांड के शराब किए गए बरामद
बरामद किए गए शराब में कुल 750 बोतल विभिन्न ब्रांड के अंग्रेजी शराब थे. जिसमें कुल 137 बोतल /केन बीयर। कुल बरामद शराब का अनुमानित कीमत 3.5 लाख। एक ताला काटने वाला लोहा का कटर। गिरफ्तार व्यक्तियों में सेक्टर 12 आरा खटाल निवासी हिमांशु पटेल उर्फ सूटर, पटना खटाल, थाना सेक्टर 12 निवासी राजकुमार उर्फ लोला, सेक्टर 12 पटना खटाल निवासी नितिश कुमार उर्फ गोलु और दुंदीबाग निवासी नन्दु कुमार के नाम शामिल हैं.
