एलपीजी सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग, कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई


जिले में घरेलू एलपीजी (रसोई गैस) सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर हाल के दिनों में सामने आई कुछ असुविधाओं और उपभोक्ताओं की शिकायतों पर गंभीर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने रविवार को  गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जिले में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई और उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने बताया कि एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रखंड और जिला स्तर पर कमेटी गठित करने का डीएसओ को निर्देश दिया। प्रखंड स्तर पर प्रत्येक पखवाड़े प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) की अध्यक्षता में बैठक होगी, जबकि जिला स्तर पर प्रत्येक पखवाड़े जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) बैठक कर स्थिति की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा प्रत्येक माह उपायुक्त स्तर पर भी समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

ब्लैक मार्केटिंग और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि एलपीजी सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग, कालाबाजारी या अवैध भंडारण की शिकायत मिलने पर संबंधित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। आमजन ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 8986660333, 06542-242409 और 06542-241000 पर दर्ज करा सकते हैं। बैठक में तेल विपणन कंपनियों को निर्देश दिया गया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला स्तर पर एक सिंगल हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए, ताकि गैस से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ताओं को अलग-अलग स्थानों पर संपर्क नहीं करना पड़े। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य है। उपभोक्ता शहरी क्षेत्र में 25 दिनों तथा ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिनों के अंतराल पर ही सिलेंडर बुक करें। साथ ही निर्धारित सरकारी शुल्क पर ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों का वितरण प्राथमिकता के अनुसार

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिला आपूर्ति पदाधिकारी की निगरानी में तेल विपणन कंपनियां और गैस एजेंसियां प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों का वितरण सुनिश्चित करें, ताकि व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट में आकर अनावश्यक बुकिंग नहीं करें। जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि बोकारो जिले में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) शालिनी खालखो, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सहायक प्रबंधक (एलपीजी विक्रय) मो. मंसूर अख्तर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



और नया पुराने