फुटबॉल से तीरंदाजी तक, BSL के खेल शिविर ने बच्चों को बनाया आत्मविश्वासी


बोकारो इस्पात संयंत्र के खेल एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन क्रीड़ा प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह एम.के.एम. स्टेडियम, सेक्टर-04 में आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रतिभागी बच्चे, अभिभावक तथा खेल प्रेमी उपस्थित रहे। समापन समारोह को संबोधित करते हुए उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर बच्चों एवं युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बच्चों को टीम भावना से कराया गया अवगत 

उल्लेखनीय है कि 15 मई 2026 से प्रारंभ हुए इस ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में 8 से 15 वर्ष आयु वर्ग के कुल 527 बच्चों ने भाग लिया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को अनुभवी एवं प्रशिक्षित कोचों द्वारा विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। नियमित अभ्यास एवं मार्गदर्शन के माध्यम से बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा को विकसित करने तथा नई तकनीकों को सीखने का अवसर प्राप्त हुआ। शिविर में फुटबॉल, क्रिकेट, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, कबड्डी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, शतरंज, तीरंदाजी, खो-खो एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को खेल कौशल के साथ-साथ फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना तथा प्रतिस्पर्धात्मक दृष्टिकोण के महत्व से भी अवगत कराया गया।

और नया पुराने