बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के बोकारो जनरल हॉस्पिटल (बीजीएच) द्वारा स्वच्छता मित्रों एवं सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य सफाई कार्यों में संलग्न कर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक करना था। शिविर का उद्घाटन बीजीएच के अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, वरिष्ठ चिकित्सक तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित थे। शिविर के दौरान 45 से 60 वर्ष आयु वर्ग के कुल 32 स्वच्छता मित्रों एवं सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की जाँच की गई।
सफाई कर्मी संयंत्र तथा टाउनशिप परिसर में स्वच्छता बनाए रखते हैं
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता मित्र एवं सफाई कर्मी संयंत्र तथा टाउनशिप परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके योगदान को देखते हुए उनके स्वास्थ्य की नियमित जाँच एवं उचित देखभाल आवश्यक है। समय पर स्वास्थ्य परीक्षण से संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान करने तथा आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है। बीजीएच द्वारा आयोजित यह शिविर स्वच्छता मित्रों एवं सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति बीएसएल की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस प्रकार की पहल के माध्यम से कर्मियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की आदत को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
Tags
झारखण्ड
