झारखंड राज्य जूनियर बालक कबड्डी टीम आगामी 1 से 4 नवंबर तक पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पटना (बिहार) में आयोजित होने वाली 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए शनिवार को कोशी एक्सप्रेस से पटना के लिए रवाना हुई। कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखण्ड के द्वारा उपलब्ध कराए गए खेल किट बोकारो रेलवे स्टेशन पर टीम के खिलाड़ियों के बीच जिला खेल पदाधिकारी, बोकारो हेमलता बुन ने वितरित किया।बुन ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी, जहाँ झारखंड की टीम का लक्ष्य बेहतर खेल प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करना और राज्य का मान बढ़ाना है। कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखण्ड के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर एवं चेयरमैन बिपिन कुमार सिंह ने टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षक एवं प्रबंधक को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
22 से 30 अक्टूबर तक हुआ था प्रशिक्षण शिविर
उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे खेल भावना, टीम भावना और अनुशासन के साथ मैदान में उतर कर बेहतर प्रदर्शन करें। विगत 22 से 30 अक्टूबर तक बोकारो के सेक्टर 8 कबड्डी मैदान में झारखण्ड टीम का प्रशिक्षण शिविर एसोसिएशन द्वारा लगाया गया था। शिविर समाप्ति के पश्चात अहले सुबह टीम पटना के लिए प्रस्थान कर गई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों ने भी टीम को शुभकामनाएं दी हैं। शुभकामना देने वालों में मुकेश कुमार सिंह, प्रद्युम्न पांडेय, जगदीश कुमार, धर्मेंद्र सिंह, प्रेम प्रकाश, शंकर प्रसाद, आलोक कुमार, सीता राम रजक, उपेंद्र कुमार, जय प्रकाश यादव, ब्रज किशोर, राखी कुमारी,अनीता सिंह सहित अन्य शामिल है।
Tags
खेल
