बीएससिटी थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में थाना की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान कार्यों की प्रगति एवं समग्र कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक, नगर, बोकारो, पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी, बीएस सिटी तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान थाना में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधानकर्ताओं को सभी लंबित कांडों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में विशेष प्राथमिकता के आधार पर अनुसंधान पूर्ण करने तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु प्रभावी छापामारी करने का निर्देश दिया गया।
संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती चलाने का निर्देश
अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सक्रिय अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार निगरानी प्रस्ताव तैयार कर सक्षम प्राधिकार को भेजने, अपराध की प्रवृत्ति के अनुरूप आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती एवं सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त लंबित वारंटों, स्थायी वारंटों एवं अन्य न्यायालयीय आदेशों के त्वरित निष्पादन की समीक्षा की गई। न्यायालय से प्राप्त समन का समयबद्ध एवं विधिवत तामिला सुनिश्चित करने तथा ई-समन (e-Summon) प्रणाली का प्रभावी उपयोग करते हुए उनके निष्पादन का निर्देश दिया गया।
फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं शिष्ट व्यवहार किया जाए
निरीक्षण के दौरान थाना में संधारित विभिन्न अभिलेखों एवं पंजियों की गहन जांच की गई। प्राथमिकी पंजी, कांड दैनिकी, मालखाना पंजी, लंबित वारंट एवं समन संबंधी अभिलेख, ई-समन (e-Summon), ई-साक्ष्य (e-Sakshya), IIF-V प्रविष्टि सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों के संधारण एवं अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। सभी अभिलेखों का विधिवत एवं नियमित संधारण सुनिश्चित करने तथा निरीक्षण के दौरान पाई गई त्रुटियों का शीघ्र निराकरण करने का निर्देश दिया गया। थाना की दैनिक कार्यप्रणाली, आम नागरिकों की शिकायतों के निष्पादन, फरियादियों के साथ व्यवहार, पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता एवं अनुशासन की भी समीक्षा की गई। आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने, पीड़ितों एवं फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं शिष्ट व्यवहार करने तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
