सुर, लय और ताल की साधना जब लगन और सही मार्गदर्शन से जुड़ती है, तो सफलता के नए कीर्तिमान स्वतः रचे जाते हैं। भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो के 16 होनहार बाल कलाकारों ने अंतर-प्रांतीय संगीत प्रतियोगिता 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। प्रयाग संगीत समिति, इलाहाबाद (प्रयागराज) से संबद्ध तथा संगीत-शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था 'नादतालम्' के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार के कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अपनी संगीतमय प्रतिभा का लोहा मनवाया। इतनी बड़ी संख्या में किसी एक विद्यालय से राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होने वाला डीपीएस बोकारो एकमात्र स्कूल बना है। विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले विद्यालय के संगीत शिक्षक मयंक कुमार भक्ता को विशेष रूप से 'गुरु शिरोमणि सम्मान' से अलंकृत किया गया है। अब ये चयनित बाल कलाकार आगामी मार्च में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी कला का जौहर दिखाएंगे।
परकशन, नन-परकशन और शास्त्रीय गायन में चमकीं प्रतिभाएं
भारतीय शास्त्रीय संगीत की विभिन्न विधाओं में बच्चों की रुचि व भागीदारी बढ़ाने तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह राज्यस्तरीय ऑनलाइन प्रतियोगिता अलग-अलग आयुवर्गों में आयोजित की गई थी। इसमें परकशन, नन-परकशन और इंडियन क्लासिकल वोकल श्रेणियों में विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से निर्णायकों को प्रभावित किया। परकशन श्रेणी के अंतर्गत तबले पर दमदार प्रस्तुति देते हुए कुमार आलेख, विवेक बहादुर, भाव्या बिष्ट, ऋषभ राज, मायोन शारव और रुद्र आनंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, इसी श्रेणी में अद्विक सिंह, आलोक राज दुबे, आरव राज एवं आनुष अनुपम वार्ष्णेय ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि आद्विक वत्सल, अंश देव प्रसाद और जयवीर सिंह खनूजा ने तृतीय स्थान पर अपनी जगह बनाई। दूसरी ओर, नन-परकशन श्रेणी में की-बोर्ड पर मधुर प्रस्तुति देकर नवण्या चिदार ने प्रथम और आनुष अनुपम वार्ष्णेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा, इंडियन क्लासिकल वोकल कैटेगरी में भाव्या बिष्ट ने तीसरा स्थान पाया।
विद्यार्थियों के समग्र विकास में कला-संगीत जरूरी : डॉ. गंगवार
विद्यालय की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बुधवार को डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने सभी बच्चों से मिलकर अपनी बधाई दी। उन्होंने कहा कि डीपीएस बोकारो विद्यार्थियों के समग्र और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कटिबद्ध है। विद्यालय का मानना है कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशिष्ट प्रतिभा छिपी होती है और उसे निखारने के लिए सही मंच, अनुकूल माहौल तथा निरंतर अवसर मिलना बेहद जरूरी है। शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ संगीत, कला और संस्कृति से जुड़ाव बच्चों के व्यक्तित्व को संवेदनशील, संतुलित और रचनात्मक बनाता है। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की आशा व्यक्त की।
