जग का व्यापक अंधकार हर निज प्रकाश भर दो, ज्योतिर्मय कर दो...'प्रकाशोत्सव दीपावली एवं आस्था के महापर्व छठ के उपलक्ष्य में डीपीएस बोकारो में शुक्रवार को विशेष एसेंबली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की दोनों ही इकाइयों में रंग-बिरंगे परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्साह, आस्था और उत्सव की सतरंगी छटा बिखेरी। सीनियर इकाई में कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना गीत - जग का व्यापक अंधकार हर निज प्रकाश भर दो, ज्योतिर्मय कर दो... के सामूहिक गान से हुई। इसके पश्चात कक्षा 10वीं की छात्रा ऐशिका सहाय ने पर्यावरण-मैत्री एवं सुरक्षित दिवाली पर एक प्रभावशाली संभाषण प्रस्तुत किया। जबकि, 12वीं की छात्रा वर्तिका दुबे ने पर्वों का यह महापर्व छठ पर्व अति पावन है... कविता सुनाकर सबकी भरपूर सराहना बटोरी। विद्यार्थियों की टोली ने शीतली बयरिया शीतल दूजे पनिया..., उग हो सुरुज देव अर्घ्य जे तोरा देह दीह अभय वरदान... केलवा के पात पर... व अन्य छठ गीतों के सुमधुर सामूहिक गायन से कार्यक्रम में भक्ति, आस्था और पवित्रता का रस घोल दिया। तदुपरांत विद्यार्थियों ने आज दसों ये दिशाएं जैसे शगुन मनाएं... गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से समां बांध दिया।
छठ गीतों से गुंजायमान हुआ स्कूल परिसर
विद्यालय की प्राइमरी इकाई में बच्चों ने भी संस्कृति, कला व भक्ति का अनुपम समन्वय प्रस्तुत किया। कक्षा 1 के विद्यार्थियों ने आई दिवाली... कविता का सामूहिक पाठ किया, तो पांचवीं कक्षा के बच्चों ने समूह में छठगीत केलवा के पात पर उगेलन सुरुजमल... की भावपूर्ण प्रस्तुति से भक्ति-भावना का संचार कर दिया। इसके बाद कक्षा 1 के नन्हे विद्यार्थियों की टोली ने आकर्षक भाव-भंगिमा और कुशल अभिनय कला के साथ रामायण-आधारित लघु नाटिका की मनमोहक प्रस्तुति में बुराई पर अच्छाई की जीत को बखूबी दर्शाया। वहीं, कक्षा 2 के बच्चों ने राम आएंगे... गीत पर सुहावन नृत्य पेश किया तो चौथी कक्षा के छात्र नमन दुबे ने एकलगीत मेरे घर राम आए हैं... की सुमधुर प्रस्तुति से सबकी भरपूर सराहना बटोरी। इस बार विद्यालय में हरित दिवाली मनाने को लेकर भी खास आयोजन हुए।
प्रभातफेरी में पर्यावरण मैत्री जनजागरुकता का संदेश दिया
विद्यार्थियों ने प्रभातफेरी निकालकर पर्यावरण मैत्री जनजागरुकता का संदेश दिया, तो प्रार्थना-सभा में स्वयं भी ग्रीन दिवाली मनाने की प्रतिज्ञा ली। इसके अलावा, दीपावली के उपलक्ष्य में हैप्पीनेस क्लास में बच्चों ने आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं और एसेंबली में अपने प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार को स्वनिर्मित शुभकामना-पत्र भी भेंट किए। प्राचार्य डॉ. गंगवार ने बच्चों की प्रस्तुतियों को सराहते हुए सभी को दीपावली एवं छठ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान का प्रकाश फैलाने तथा अपनी परंपरा व संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व है। यह केवल अपने घरों में दीये जलाने का नहीं, बल्कि वास्तव में दूसरों की जिंदगी में खुशियों के दीये जलाने का पर्व है। उन्होंने बच्चों को जरूरतमंदों की सेवा करने के साथ-साथ अनुशासन और सकारात्मक सोच के प्रकाश से अज्ञानता, ईर्ष्या एवं नकारात्मकता को हटाने का संदेश दिया।
