झारखंड में मॉनसून की दस्तक, कई जिलों में भारी बारिश का रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी


दक्षिण गुजरात और उसके आसपास तथा दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में बने दो निम्न दबाव के क्षेत्रों के प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान सौराष्ट्र और कच्छ, गुजरात क्षेत्र और पूर्वी भारत (गंगा के मैदानी इलाके, ओडिशा, बिहार और झारखंड) में तेज आंधी और बिजली के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। सौराष्ट्र और कच्छ में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। 

बारिश होने से मिली उमस भरी गर्मी से राहत

झारखण्ड में दक्षिणी-पश्चिम मॉनसून का आगमन हो गया है। जिसकी वजह से बारिश शुरू हो गई है। बारिश होने से पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। 17 से 21 जून तक राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 17 को देवघर, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, रांची, रामगढ़ आदि जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया था। इसलिए बारिश भी देखने को मिली। 

18 को भी 7 जिलों में रेड अलर्ट

18 जून को राज्य के 7 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें बोकारो, धनबाद, दुमका, जामताड़ा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, रामगढ़ जिले शामिल हैं। वहीं गुमला, सिमडेगा, लोहरदग्गा, साहेबगंज, पाकुड़, गोड्डा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 19 को रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि खूंटी, देवघर, धनबाद, जामताड़ा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है। दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज, चतरा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। उसी प्रकार 20 व 21 जून को भी कई जगहों पर बारिश की संभावना जताई गई है।

और नया पुराने