कोलकाता से रांची चिड़ियाघर लाई गई मादा जिराफ 'मिस्टी'

 


भगवान बिरसा जैविक उद्यान, रांची एवं प्राणी उद्यान अलीपुर, कोलकाता के बीच 7 अगस्त 2025 को हुए जीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत रांची में एक मादा उत्तरी जिराफ तथा सिल्वर फीजेंट का एक जोड़ा लाया गया। मादा जिराफ का नाम 'मिस्टी" है, तथा इसकी आयु 6 वर्ष है। जिराफ का औसत जीवनकाल चिड़ियाघरों में लगभग 19 से 20 वर्ष तथा प्राकृतिक आवास में 17 से 18 वर्ष तक होता है। उत्तरी जिराफ मुख्यतः अफ्रीका के पूर्वी एवं मध्य भागों में, जैसे केन्या, दक्षिण सूडान, चाड, नाइजर एवं मध्य अफ्रीकी गणराज्य के कुछ संरक्षित क्षेत्रों में पाए जाते हैं। जिराफ शाकाहारी प्राणी है, जिसे चिड़ियाघरों में प्रायः विभिन्न वृक्षों की पत्तियां एवं घास खिलाई जाती हैं।

जल्द ही उद्यान में लाया जाएगा नर जिराफ

जैविक उद्यान के निदेशक  जब्बर सिंह ने बताया कि यह एक महत्वपूर्ण आदान-प्रदान कार्यक्रम था। जो कई दिनों से लंबित था और जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि अगले चरण में नर जिराफ को भी रांची लाया जाएगा। इस मादा जिराफ की ऊँचाई 12 फीट से अधिक है, जिसके कारण इसके लिए 14 फीट ऊँचा विशेष बाडा तैयार किया गया था। निम्न तल ट्रेलर में लादने के बावजूद जमीन से इसकी ऊँचाई 16-17 फीट रही, जिसके कारण कोलकाता से रांची तक लगभग 24 घंटे का सफर तय कर इसे लाया गया।

जिराफ के बदले कोलकाता भेजा जाएगा भालू व दरियाई घोड़ा

इस आदान-प्रदान के अंतर्गत प्राणी उद्यान अलीपुर, कोलकाता से मादा जिराफ एवं सिल्वर फीजेंट प्राप्त करने के बदले भगवान बिरसा जैविक उद्यान, रांची की ओर से फिलहाल शुतुरमुर्ग भेजा जा रहा है तथा अगले चरण में स्वीकृत शेष प्राणियों दरियाई घोड़ा, हिमालयन काला भालू एवं घड़ियाल का आदान-प्रदान किया जाएगा। यह आदान-प्रदान न केवल दोनों संस्थानों के बीच सहयोग का उदाहरण है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण एवं आगंतुकों के लिए विविध जीवों के प्रदर्शन को भी समृद्ध करेगा।

और नया पुराने