समाहरणालय सभागार में मंगलवार को शिक्षा विभाग बोकारो द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर कक्षा 06 से 08 के लिए नव चयनित सहायक आचार्यों (गणित एवं विज्ञान) को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा, उपविकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता. मुमताज अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में 45 सहायक आचार्यों को उपायुक्त एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपा गया। जिले में कुल 51 आचार्य चयनित हुए हैं, जिनमें से 46 सहायक आचार्य को जिला स्तर पर एवं 05 को रांची मुख्यालय स्तर पर मुख्यमंत्री के द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपा गया। एक सहायक आचार्य अनुपस्थित रहे।
देश के भविष्य को गढ़ने की जिम्मेवारी आपके कंधों पर
नव चयनित आचार्यों को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि शिक्षक का स्थान समाज में सर्वोच्च है। उन्होंने कहा कि दो प्रोफेशन में ही साहब शब्द का इस्तेमाल होता है। जिसमें शिक्षक भी शामिल है। आम लोग डाक्टर साहब – मास्टर साहब कहके संबोधित करते हैं। इस गरीमा को बनाएं रखना है। कहा कि आप केवल बच्चों को पढ़ाएंगे ही नहीं, बल्कि उनका भविष्य भी गढ़ेंगे। ईमानदारी और निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए सेवा है। यह भी जोड़ा कि शिक्षक यदि पूरी लगन और मेहनत से कार्य करें तो समाज में सकारात्मक बदलाव निश्चित है। उपायुक्त ने नव चयनित सभी सहायक आचार्य को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
सकारात्मक ऊर्जा के साथ पढ़ाई और गतिविधियां जरूरी
मौके पर उपस्थित उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे तभी विकसित हो सकते हैं जब उन्हें शिक्षा के साथ अन्य रचनात्मक गतिविधियों का भी अवसर मिले। उन्होंने कहा आप सभी शिक्षक बच्चों के लिए आदर्श बनें। कक्षा में हमेशा सकारात्मक ऊर्जा लेकर जाएं और उन्हें आत्मविश्वास से भरें। पढ़ाई के साथ खेल, कला, विज्ञान प्रयोग और अन्य गतिविधियों से उनका सर्वांगीण विकास करें। नियुक्ति पत्र पाकर नव चयनित सहायक आचार्यों के चेहरे गर्व और खुशी से दमक उठे। कई शिक्षकों ने इसे अपने परिवार और समाज के सपनों की पूर्ति बताया। यह अवसर केवल नियुक्ति का ही नहीं, बल्कि नए दायित्व और नई उम्मीदों की शुरुआत का भी प्रतीक रहा।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में अहम कदम
मौके पर उपस्थित जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे ने कहा कि इन नियुक्तियों से सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। विशेषकर गणित और विज्ञान जैसे विषयों में बच्चों को बेहतर मार्ग दर्शन मिलेगा, जिससे उनकी बुनियाद मजबूत होगी। उन्होंने सभी नव नियुक्त सहायक आचार्यों को विभाग में योगदान करने की बात कहीं, जल्द ही सभी शिक्षकों का विद्यालय में पदस्थापन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी।
Tags
शिक्षा