समाहरणालय में जनता दरबार: बहू के मृत्यु प्रमाण पत्र की गलती सुधरते ही परिवार को मिली राहत


जनता दरबार केवल शिकायतों के समाधान का मंच नहीं, बल्कि आमलोगों के दुख-दर्द को समझने और उनकी पीड़ा दूर करने का संवेदनशील प्रयास है। इसका उदाहरण शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित जनता दरबार में कसमार प्रखंड निवासी गोलक नाथ महतो का मामला रहा। गोलक नाथ महतो पिछले कई दिनों से अपनी बहू के मृत्यु प्रमाण पत्र में हुई त्रुटि को लेकर परेशान थे। इसी कारण उन्हें मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हो रही थी और परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। जब वे समस्या लेकर आज जनता दरबार पहुंचे, तो महज आधे घंटे के भीतर उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने समाधान सुनिश्चित करवा दिया। समाधान मिलते ही गोलक नाथ महतो भावुक हुए और कहा कि मैं कई दिनों से दर-दर भटक रहा था। आज प्रशासन ने मेरी तकलीफ समझी और तुरंत राहत दी। अब परिवार को बड़ा सहारा मिलेगा। इसके लिए उन्होंने उपायुक्त के प्रति आभार जताया। जानकारी हो कि गोलक नाथ महतो जी की बहू का निधन पिछले दिनों जरीडीह प्रखंड में वज्रपात से हो गया था। जारी मृत्यू प्रमाण पत्र में त्रुटि होने के कारण गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन द्वारा प्राप्त होने वाले मुआवजा राशि में परेशानी आ रही थी। जिसका अब निराकरण कर लिया गया है।

जनता दरबार से मिल रही है नई उम्मीद

आज के जनता दरबार में कुल 23 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें से कई मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन हुआ। उपायुक्त ने शेष मामलों पर संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समयबद्ध तरीके से सभी समस्याओं का निष्पादन करें।उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार को सिस्टम का अभिन्न हिस्सा बनाना है। माननीय मुख्यमंत्री स्वयं भी कार्यालय जाने से पूर्व जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रखंड और अंचल स्तर पर भी प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित किए जा रहे हैं। वहां समस्याओं का निपटारा होने के कारण जिला स्तरीय जनता दरबार में आने वाले मामलों की संख्या घट रही है, जो एक सकारात्मक संकेत है। जनता दरबार में जमीन–जायदाद, जबरन कब्जा, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, आपूर्ति विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, राजस्व, चास नगर निगम, कल्याण, पेयजल एवं स्वच्छता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी और अन्य आवेदन प्राप्त हुए। 

जनता का विश्वास ही प्रशासन की ताकत

उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार से निकलने वाले हर व्यक्ति को यह महसूस होना चाहिए कि प्रशासन उसके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार सिर्फ कागजी औपचारिकता नहीं, बल्कि आमजन के दुख-दर्द को समझने और उनका हल निकालने का हमारा वादा है। जनता का विश्वास ही प्रशासन की असली ताकत है। मौके पर उप विकास आयुक्त  शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता  मुमताज अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत कोषांग पियुष, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

और नया पुराने