उपायुक्त अजय नाथ झा ने बाजार समिति, चास परिसर स्थित 1000 - 1000 मीट्रिक टन क्षमता वाले बीएस सिटी, चास-वन एवं चास-टू गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चावल, गेहूं, चीनी एवं नमक के भंडारण की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने आगामी धान क्रय के बाद भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) से आवंटित चावल के रख-रखाव के लिए निर्धारित भंडारण स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने गोदामों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं भंडारण मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के डीएसओ को निर्देश दिए।
सड़क और पुराने गोदाम की मरम्मति का दिया निर्देश
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने गोदाम तक पहुंचने वाली सड़क एवं पुराने गोदाम की जर्जर स्थिति पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को शीघ्र मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान क्रय एवं भंडारण कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं। उन्होंने बाजार समिति स्थित दुकानों - उसके किराये की भी जानकारी ली। संबंधित विपणन पदाधिकारी को खाली पड़ें स्थानों पर अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण, जर्जर दुकानों की मरम्मति - बाजार समिति की आय बढ़ोतरी के दिशा में किए जाने वाले कार्यों से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर जिला को समर्पित करने का निर्देश दिया। मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालखो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जन संपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सहायक गोदाम प्रबंधक आदि उपस्थित थे।

.jpeg)