निगम चुनाव : 21 की शाम 5 बजे से 24 फरवरी की सुबह 7 बजे तक शराब बिक्री वर्जित


नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा निर्वाचन की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला दण्डाधिकारी बोकारो द्वारा संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में ड्राई-डे घोषित किया गया है। निर्वाचन कार्यक्रम के अंतर्गत चास नगर निगम (वर्ग-ख) के 35 वार्डों तथा फुसरो नगर परिषद (वर्ग-ख) के 28 वार्डों में मतदान दिनांक 23.02.2026 को निर्धारित है। इस अवसर पर आदेश निर्गत किया गया है कि मतदान के लिए निर्धारित समय की समाप्ति के 48 घंटे पूर्व, अर्थात 21 फरवरी के अपराह्न 5:00 बजे से लेकर मतदान समाप्ति के अगले दिन 24 फरवरी के पूर्वाह्न 7:00 बजे तक संबंधित मतदान क्षेत्रों में ड्राई-डे प्रभावी रहेगा।

अवधि के दौरान निम्न आदेशों का अनुपालन होगा 

किसी भी होटल, रेस्तराँ, क्लब या अन्य प्रतिष्ठान में शराब की बिक्री या परोसना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी भोजनालय, दुकान, सार्वजनिक अथवा निजी स्थान पर शराब का वितरण या विक्रय नहीं किया जाएगा। बिना लाइसेंस वाले परिसरों में शराब के भंडारण पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा प्रतिबंधों का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें तथा उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


और नया पुराने