दामोदर क्षेत्र में अवैध बालू खनन पर सख्ती, उच्च स्तरीय समिति गठित


बोकारो स्टील सिटी के भतुआ स्थित दामोदर क्षेत्र में अतिक्रमण तथा बालू के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर जिला खनन विभाग एवं स्थानीय पुलिस के सहयोग से लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध बालू जब्त की गई है। 16 फरवरी 2026 को प्राप्त प्रतिवेदन में क्षेत्र में अवैध खनन और अतिक्रमण की पुष्टि की गई थी। इससे पूर्व 10 जनवरी 2026 को वन प्रमंडल पदाधिकारी, बोकारो द्वारा भी ग्राम–भतुआ स्थित बी.एस.एल. अधिग्रहित भूमि पर अवैध उत्खनन एवं परिवहन की सूचना दी गई थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।

उपायुक्त ने उच्च स्तरीय समिति का किया गठन

इस संबंध में उपायुक्त अजय नाथ झा ने की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वन प्रमंडल पदाधिकारी, बोकारो की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। समिति में निदेशक डी.पी.एल.आर, अपर समाहर्ता, जिला खनन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, बीएससिटी तथा बीएसएल प्रबंधन द्वारा नामित सदस्य को शामिल किया गया है। समिति को निर्देश दिया गया है कि क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाकर अवैध खनन और अतिक्रमण पर रोक लगाई जाए। साथ ही प्रत्येक 15 दिनों के भीतर प्रगति प्रतिवेदन संबंधित प्राधिकारी को उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।

समाहरणालय में उपायुक्त ने किया समीक्षा बैठक 

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह, निदेशक डी.पी.एल.आर. मेनका, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार, बी.एस.एल. के मुख्य महाप्रबंधक नगर सेवाएं कुंदन कुमार, महाप्रबंधक ए के सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी  रवि कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर पंचायत क्षेत्र की वस्तुस्थिति की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने, संयुक्त छापेमारी तेज करने तथा सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और अतिक्रमण के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

और नया पुराने