बुधवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं बोर्ड परीक्षाएं भी शुरू हो गईं। बोकारो जिले के सभी 23 परीक्षा केंद्रों को मिलाकर कुल 3821 छात्र-छात्राओं ने पहले दिन फिजिकल एजुकेशन (शारीरिक शिक्षा) की परीक्षा दी। कुल पंजीकृत 3856 परीक्षार्थियों में से 35 अनुपस्थित रहे। सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई है। जिला प्रशासन की भरपूर सहायता एवं सभी केंद्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों तथा वीक्षकों के सहयोग से परीक्षा पूर्णतया कदाचारमुक्त रही। कहीं से भी कोई गड़बड़ी की शिकायत नहीं है।
केन्द्रवार इस तरह की रही उपस्थिति
केन्द्रवार उपस्थिति के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. गंगवार ने बताया कि सरस्वती विद्या मंदिर- 3सी में 266, डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 में 297, चिन्मय विद्यालय सेक्टर- 5 में 85, होलीक्रॉस स्कूल बालीडीह में 164, पिट्स मॉडर्न गोमिया में 282, डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी में 52, जीजीपीएस- 5 में 361, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 में 133, आदर्श विद्या मंदिर, दारकूनगर में 167, एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर- 4 में 573, डीएवी स्वांग में 24, बीआरएल डीएवी भंडारीदह में 61, श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, सेक्टर-5 में 434, पेंटिकॉस्टल एसेंबली स्कूल सेक्टर-12 में 165, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल सेक्टर- 6 में 124, जीजीपीएस चास में 73, डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर- 6 में 37, होलीक्रॉस स्कूल चंदनकियारी में 14, डीएवी पब्लिक स्कूल तेनुघाट में 65, डीपीएस चास में 57, केंद्रीय विद्यालय-1 सेक्टर-4 में 167, केंद्रीय विद्यालय सीटीपीएस चंद्रपुरा में 198 और केंद्रीय विद्यालय डीवीसी बोकारो थर्मल में 22 परीक्षार्थी शामिल हुए।
सीसीटीवी की निगरानी में हो रही परीक्षा
इधर, परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही गहमा-गहमी शुरू हो गई। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़भाड़ जुटने लगी। परीक्षार्थियों को कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही एग्जाम हॉल में जाने दिया गया। सीसीटीवी कैमरे की निगहबानी में सुबह 10.30 से दोपहर 1.30 बजे तक परीक्षा चली। डॉ. गंगवार ने विद्यार्थियों से इसी प्रकार पूरे अनुशासन से और निर्धारित गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए आगे भी परीक्षाएं देने की अपील की तथा उनके अच्छे प्रदर्शन की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
