अपराध नियंत्रण के लिए बोकारो पुलिस अलर्ट, कई थाना क्षेत्रों में चला विशेष अभियान


रविवार की मध्य रात्रि में पुलिस अधीक्षक की ओर से चास थाना व चास मुफ़्फ़सिल थाना क्षेत्र में संचालित रात्रि गश्ती (पेट्रोलिंग) व रक्षक राइडर्स का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के दृष्टिकोण से विभिन्न स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ड्रंक एंड ड्राइव (नशे की अवस्था में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध) विशेष जांच अभियान भी संचालित किया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई तथा पुलिस बल को रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के क्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक सह एस डी पी ओ चास एवं संबंधित थाना प्रभारी उपस्थित रहे तथा उनके नेतृत्व में चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

कई थाना क्षेत्रों में हुई सघन फुट पेट्रोलिंग 

वहीं रात्रि में पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी, सेक्टर-4 के नेतृत्व में सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सघन फुट पेट्रोलिंग (Foot Patrolling) की गई। पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा आमजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी, सेक्टर-6 के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में माइकिंग (Miking System) के माध्यम से लोगों को चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान नागरिकों को अपने घरों, दुकानों एवं वाहनों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने, अज्ञात एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई। बोकारो पुलिस द्वारा रात्रिकालीन गश्ती, फुट पेट्रोलिंग एवं जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हो तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

और नया पुराने