बोकारो के चास थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधा जोड़ निवासी विजय कुमार मिश्रा के बंद घर में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। विजय कुमार मिश्रा पिछले लगभग तीन महीनों से इलाज के लिए वेल्लोर गए हुए हैं। बताया गया कि 14 जून की रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर टीवी, इंडक्शन, इनवर्टर, कपड़े, जेवरात तथा नकद रुपये समेत करीब 4 से 5 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।
सभी कीमती वस्तुएं हुई चोरी
घटना का खुलासा तब हुआ जब गृहस्वामी के बड़े भाई शिव नारायण मिश्रा सुबह घर पहुंचे। उन्होंने घर का मुख्य दरवाजा खुला देखा और पहले उन्हें लगा कि विजय कुमार मिश्रा की बेटी-दामाद आए होंगे। आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो वे अंदर गए, जहां सभी कमरों के दरवाजे खुले मिले। इसके बाद उन्होंने गृहस्वामी को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलने पर चास थाना पुलिस को भी खबर दी गई। जांच के दौरान घर के अंदर अलमारी, लॉकर और बक्से खुले मिले। सामान बिखरा पड़ा था तथा टीवी समेत कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Tags
क्राइम
