बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर बोकारो जनरल अस्पताल के रक्त केंद्र परिसर में सेल एससी/एसटी एम्प्लाइज फेडरेशन तथा सीआईएसएफ, बीएसएल-बोकारो यूनिट के संयुक्त तत्वावधान में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन बोकारो इस्पात संयंत्र के अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) द्वारा किया गया। इस अवसर पर कुल 22 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) ने कहा कि रक्तदान महादान है तथा दान की गई रक्त की एक इकाई किसी दुर्घटना में घायल व्यक्ति अथवा गंभीर रूप से बीमार मरीज के जीवन की रक्षा कर सकती है।
रक्तदान जीवन दान है
उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल जीवन बचाने का माध्यम ही नहीं है, बल्कि यह समाज में सेवा, करुणा एवं मानवता की भावना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में सेल एससी/एसटी एम्प्लाइज फेडरेशन तथा सीआईएसएफ, बीएसएल-बोकारो यूनिट के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा. साथ ही, बोकारो जनरल अस्पताल के रक्त केंद्र के चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं अन्य सहकर्मियों ने शिविर के सुचारु संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
Tags
झारखण्ड