आगामी होली पर्व, रमजान एवं नगर पालिका आम निर्वाचन की मतगणना को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक- आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से की। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी थाना एवं अंचल स्तर पर शांति समिति की बैठक आगामी रविवार तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लें। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कहा कि, समिति सदस्यों से अपील करें वे आपसी सौहार्द का परिचय देते हुए एक-दूसरे को होली एवं रमजान की शुभकामनाएं दें तथा समाज में भाईचारे का संदेश प्रसारित करें।
स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश
उपायुक्त ने होली पर्व के दौरान संभावित आपात स्थितियों को देखते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड में रखने एवं एंबुलेंस एवं चिकित्सकों की ऑन-ड्यूटी उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएस को निर्देशित किया गया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं, प्राथमिक उपचार सामग्री एवं चिकित्सीय स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। कहा कि, जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे तत्वों की पहचान कर विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मतगणना को लेकर दिए गए विशेष निर्देश
नगर पालिका आम निर्वाचन की मतगणना को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास व्यवस्था एवं सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। कहा कि, कोई चूक - गड़बड़ी किसी भी स्तर से नहीं हो यह सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि होली पर्व एवं मतगणना को देखते हुए मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक को लेकर विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही, विशेष शाखा से प्राप्त इनपुट के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी एवं गश्ती बढ़ाएं।
रात्रि गश्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नगर पालिका चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद होली का पर्व के कारण रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने एसडीपीओ - थाना प्रभारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिया। उन्होंने नगर पालिका आम निर्वाचन का परिणाम जारी होने के बाद जीत दर्ज करने वालों प्रत्याशियों द्वारा विजय जुलूस आदि निकाले जाने को लेकर चास - बेरमो एसडीओ को एसओपी तैयार करने व पूर्व अनुमति लेने को कहा। उन्होंने, सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्ती कर आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करें।
प्रशासनिक समन्वय को दें प्राथमिकता
उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संयुक्त रूप से समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाएं रखने हेतु सक्रिय भूमिका निभाएं। किसी भी संवेदनशील सूचना, अफवाह या इनपुट को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों को तत्काल अवगत कराएं तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में उपस्थित डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने स्पष्ट कहा कि किसी भी सूचना को हल्के में नहीं लें। हर किसी के कॉल को रिसिव करें।
आम नागरिकों से सहयोग का किया अपील
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली एवं रमजान का पर्व आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या नजदीकी थाना को दें. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा जिले में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इससे पूर्व, अपर समाहर्ता (एसी) मो. मुमताज अंसारी ने होली - रमजान पर्व को लेकर बरती जाने वाली ऐहतिहात, विशेष शाखा से प्राप्त इनपुट व पूर्व की घटनाओं को देखते हुए सतर्कता को लेकर क्रमवार जानकारी दी। दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों चास - बेरमो ने भी अपने-अपने क्षेत्र की वस्तुस्थिति व तैयारियों के संबंध में वक्तव्य रखा।बैठक में , डीपीएलआर निदेशक मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, डीसीएलआर चास प्रभाष दत्ता, एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ, सभी बीडीओ/ सीओ, थाना प्रभारी एवं सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
