जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार, बोकारो द्वारा गोमिया प्रखण्ड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में जंगली हाथियों के लगातार हो रहे आक्रमण एवं उससे हो रही जान-माल की क्षति को देखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी अजय नाथ झा ने शुक्रवार को आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के अंतर्गत गोमिया प्रखण्ड के विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं पंचायत भवनों सहित कुल 34 भवनों को अस्थायी आश्रय स्थल घोषित किया है। इन आश्रय स्थलों में प्रभावित व्यक्ति एवं ग्रामीण समुदाय हाथियों के आक्रमण की स्थिति में सुरक्षित रूप से ठहर सकेंगे।
कई पंचायतों में बनाए गए आश्रय स्थल
घोषित आश्रय स्थलों में प्रमुख रूप से उत्क्रमित मध्य विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय, +2 उच्च विद्यालय, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केन्द्र एवं पेयजल भवन शामिल हैं। ये स्थल हाथियों की गतिविधि से प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों को त्वरित राहत एवं सुरक्षित ठहराव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिन्हित किए गए हैं। जारी निर्देश के अनुसार, अनुमण्डल पदाधिकारी बेरमो (तेनुघाट) - प्रखण्ड विकास पदाधिकारी गोमिया एवं अंचल अधिकारी गोमिया अपने-अपने स्तर से इन आश्रय स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए संचालन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही वन प्रमंडल पदाधिकारी, बोकारो को इन स्थलों का नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है।
ग्रामीणों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की अपील
जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की गतिविधि की सूचना मिलने पर घबराएं नहीं तथा निकटतम चिन्हित आश्रय स्थल में जाकर सुरक्षित रहें। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित की जा रही है। अस्थायी आश्रय स्थलों में महुआटांड पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, महुआटांड, +2 उच्च विद्यालय, महुआटांड, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गांगपुर, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, लेडवा, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, धरमपुर, बडकीपुन्नू पंचायत के आश्रय स्थल में बडकी पेयजल आपूर्ति भवन, पंचायत सचिवालय, बडकीपुन्नू, उच्च विद्यालय, बडकीपुन्नू, प्राथमिक विद्यालय, कुसूमडीह, प्राथमिक विद्यालय, मडवाटांड, पचमो पंचायत के प्राथमिक विद्यालय, घघरी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रहावन, नव प्राथमिक विद्यालय, सिमराबेडा,आंगनबाड़ी केन्द्र, सुवरकटवा, पंचायत भवन, पचमो, नव प्राथमिक विद्यालय, सरैयापानी, नव प्राथमिक विद्यालय, पुरनापानी, तिलैया पंचायत के पंचायत भवन, तिलैया, नव प्राथमिक विद्यालय, डाकासाडम, राजकीय मध्य विद्यालय, तिलैया, नव प्राथमिक विद्यालय, लालगढ़, नव प्राथमिक विद्यालय, टुटीझरना, राजकीय मध्य विद्यालय, दनिया, नव प्राथमिक विद्यालय, मोढ़ा, नव प्राथमिक विद्यालय, हल्वे, कण्डेर पंचायत के राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कण्डेर, प्राथमिक विद्यालय, कण्डेर, नव प्राथमिक विद्यालय, सिमरा (गिधिनिया), उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दरहाबेडा, आंगनबाड़ी केन्द्र, दरहाबेडा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टुडू टोला (सिमराबेडा), नव प्राथमिक विद्यालय, पहान टोला (होन्हे), प्राथमिक विद्यालय, होन्हे, प्राथमिक विद्यालय, जहरलौंग आदि शामिल हैं.
