सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के उकरीद मोड़ स्थित बबलू चिकन दुकान के समीप एनएच-23 में शुक्रवार शाम करीब 5:45 बजे हुए सड़क हादसे में 32 वर्षीय पुष्पा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। मृतका अपने पति राजेश महतो व अपने दो बच्चों के साथ बाइक से बाराडीह (जैनामोड़) स्थित अपने मायके से बोकारो के सेक्टर 3 सी स्थित आवास लौट रही थी, इसी क्रम में एक क्रेन के संपर्क में आने से बाइक असंतुलित होकर गिर गई। उसी दौरान क्रेन का चक्का महिला के सिर पर चढ़ गया। जिसकी वजह से घटना स्थल पर ही महिला की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनकी 8 साल की बेटी, 4 साल का बेटा और पति घायल हो गए. सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। मृतका का ससुराल बरमसिया गांव बताया जा रहा है। राजेश सेक्टर-4 स्थित एक डिपार्टमेंटल स्टोर में कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क को जाम कर दिया। जिसकी वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। इसमें कई यात्री बसें भी जाम में फंस गई। सूचना मिलते ही चार थानों की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण करने में जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्रेन एक ट्रक को खींचकर ले जा रहा था। घटना के बाद क्रेन को लेकर चालक भाग रहा था, लेकिन लोगों ने पीछा करते हुए उसे जैप के समीप पकड़ लिया। फ़िलहाल पुलिस क्रेन के जब्त कर थाने ले गई है. खबर लिखे जाने तक सड़क जाम की स्थिति बनी हुई थी। जैनामोड़ की ओर जाने वाली और उधर से आने वाली गाड़ियां कुर्मीडीह की तरफ से होकर गुजर रही थी।
Tags
क्राइम
