नगर निगम चुनाव : मतपेटी से लेकर मीडिया कोषांग तक की गई समीक्षा


आगामी नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के मद्देनज़र सामान्य प्रेक्षक सादात अनवर एवं श्याम नारायण राम द्वारा सोमवार को निर्वाचन से संबंधित विभिन्न कोषांगों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में निर्वाचन सामग्री, मतपत्र-मतपेटी प्रबंधन, परिवहन कोषांग, निर्वाचन कोषांग, मीडिया कोषांग सहित अन्य संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान सामान्य प्रेक्षक चास नगर निगम श्याम नारायण राम एवं फुसरो नगर परिषद के सामान्य प्रेक्षक सादात अनवर ने निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता के अनुरूप होनी चाहिए।

सामग्री एवं मतपेटी प्रबंधन पर विशेष जोर

सामान्य प्रेक्षकों ने मतपत्र, मतपेटी एवं अन्य निर्वाचन सामग्रियों की उपलब्धता, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित भंडारण की समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं त्रुटिरहित प्रबंधन सुनिश्चित करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान परिवहन कोषांग को लेकर उन्होंने मतदान कर्मियों एवं सामग्री की सुरक्षित, निर्बाध एवं समय पर आवाजाही सुनिश्चित करने पर बल दिया। वहीं, मीडिया कोषांग को निर्देश दिया गया कि निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं का त्वरित, सटीक एवं पारदर्शी प्रसारण सुनिश्चित किया जाए। सामान्य प्रेक्षकों ने सभी कोषांगों के बीच बेहतर समन्वय, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना नहीं रहे। प्रेक्षकों द्वारा कोषांग में कार्यरत सभी कर्मियों को पहचान पत्र जारी करने एवं कार्य के दौरान अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने को कहा। निरीक्षण के दौरान संबंधित कोषांगों के नोडल पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

और नया पुराने