जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार की रोकथाम को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर सोमवार को अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकोर्ड) की बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ जिले में ड्रग्स के अवैध कारोबार की स्थिति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, पूर्व में हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रमवार अनुपालन की भी समीक्षा की गई। बैठक के दौरान अपर समाहर्ता ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी समाज के लिए गंभीर चुनौती है और इसे जड़ से समाप्त करने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि ड्रग्स की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
ड्रग इंस्पेक्टर व पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त छापेमारी का निर्देश
बैठक में अपर समाहर्ता ने ड्रग इंस्पेक्टर, एसडीपीओ चास, एसडीपीओ बेरमो तथा सिटी डीएसपी को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए जिले में संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों की पहचान कर नियमित रूप से विशेष अभियान चलाया जाए जहां नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की आशंका या शिकायत मिलती रही है। इसके साथ ही अवैध रूप से नशीले पदार्थों के भंडारण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में पोस्टल विभाग एवं जिले में संचालित सभी कुरियर कंपनियों को अलर्ट करने का निर्देश दिया। कहा कि किसी भी संदिग्ध पार्सल और पैकेटों की विशेष निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि कई बार नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए पार्सल सेवा का भी उपयोग किया जाता है, इसलिए ऐसे मामलों में विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है। यदि किसी भी प्रकार का संदिग्ध पार्सल या गतिविधि सामने आती है तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन और पुलिस विभाग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने का निर्देश
अपर समाहर्ता ने जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी चेक पोस्ट को सक्रिय करते हुए वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से पड़ोसी राज्य में आगामी विधानसभा निर्वाचन की घोषणा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम बंगाल से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या नशीले पदार्थों की तस्करी को समय रहते रोका जा सके। बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ड्रग्स से जुड़े मामलों में सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखते हुए नियमित रूप से सूचना का आदान-प्रदान करें तथा संयुक्त रूप से कार्रवाई करें। साथ ही, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए भी विभिन्न स्तरों पर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। बैठक में एसडीपीओ चास प्रवीण कुमार, सिटी डीएसपी आलोक रंजन, आइबी डीएसपी स्नेहा गडकड़ी, डीईओ जगरनाथ लोहरा, डीएसई अतुल कुमार चौबे,सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, उत्पाद निरीक्षक सुन्नी तिर्की, ड्रग निरीक्षक, जिला तंबाकू नियंत्रण समन्वय समेत अन्य उपस्थित थे।
