19 को नगर पालिका आम निर्वाचन में शामिल सभी प्रत्याशियों का अंतिम व्यय मिलान


नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत चुनाव में भाग लेने वाले सभी प्रत्याशियों के चुनावी खर्च का अंतिम मिलान 19 मार्च 2026 को किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को समाहरणालय सभागार में चास नगर निगम के मेयर एवं वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों तथा उनके अभिकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्याशियों/अभिकर्ताओं को चुनाव व्यय संधारण, अभिलेखों के रख-रखाव तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दस्तावेज जमा करने की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला कोषागार पदाधिकारी गुलाब चंद्र उरांव, राज्य कर पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने चुनाव व्यय से जुड़े प्रावधानों व नियमों के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक प्रत्याशी को अपने चुनाव प्रचार के दौरान हुए खर्च का पूरा विवरण निर्धारित प्रारूप में जमा करना अनिवार्य है।

किसी प्रकार की त्रुटि पर मांगा जाएगा स्पष्टीकरण 

प्रशिक्षण के दौरान प्रत्याशियों को बताया गया कि उन्हें अपने चुनाव व्यय से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे - वाउचर, बैंक स्टेटमेंट, शपथ पत्र (एफिडेविट) तथा व्यय पंजी निर्धारित तिथि पर मिलान/जमा के लिए प्रस्तुत करना होगा। तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या अपूर्ण विवरण पाए जाने पर संबंधित प्रत्याशी से स्पष्टीकरण भी मांगा जा सकता है। अधिकारियों ने प्रत्याशियों एवं उनके अभिकर्ताओं को यह भी जानकारी दी कि व्यय पंजी में प्रत्येक खर्च का स्पष्ट विवरण अंकित होना चाहिए तथा सभी खर्चों का प्रमाण संबंधित वाउचर/बिल के रूप में संलग्न करना अनिवार्य है। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्याशियों/अभिकर्ताओं द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का भी अधिकारियों ने समाधान किया।

चास नगर निगम के प्रत्याशियों के लिए व्यवस्था

प्रशासन द्वारा व्यय पंजी मिलान एवं जमा करने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। चास नगर निगम क्षेत्र के मेयर पद के प्रत्याशी तथा वार्ड संख्या 15 से 35 तक के वार्ड पार्षद प्रत्याशी अथवा उनके अभिकर्ता अपने व्यय पंजी का मिलान एवं जमा अनुमंडल कार्यालय, चास में करेंगे। वहीं, चास नगर निगम के वार्ड संख्या 01 से 14 तक के वार्ड पार्षद प्रत्याशी अथवा उनके अभिकर्ता अपने व्यय पंजी का मिलान एवं जमा प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय, चास में करेंगे। उधर, फुसरो नगर परिषद के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी तथा सभी वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी अथवा उनके अभिकर्ता अपने व्यय पंजी का मिलान एवं जमा प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय, बेरमो में करेंगे।प्रशासन द्वारा सभी प्रत्याशियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होकर चुनाव व्यय मिलान/जमा की प्रक्रिया को पूर्ण करें। 

और नया पुराने