रामनवमी-ईद पर सख्त गाइडलाइन, भड़काऊ गानों पर बैन, भाईचारे की अपील


गुरुवार को झारनेट स्थित सभागार में आगामी रामनवमी एवं ईद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल सुनील भास्कर, पुलिस उप महानिरीक्षक कोयला प्रक्षेत्र आनंद प्रकाश, उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार आदि ने हिस्सा लिया। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल ने विशेष सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया, ताकि दोनों पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।

भड़काऊ गीतों पर रोक, धार्मिक गीतों का ही करें उपयोग

वहीं, बैठक में उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ सभी पर्व मनाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी समाज के प्रमुख लोगों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो। रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली सभी अखाड़ा समितियों को निर्देश दिया कि वे अपनी शोभा यात्रा की अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराएं। इससे किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध रहेगा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शोभा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के भड़काऊ या आपत्तिजनक गीतों का प्रयोग नहीं किया जाए। केवल भजन-कीर्तन जैसे धार्मिक गीतों का ही उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उच्च न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।



और नया पुराने