बोकारो में सखी महोत्सव की धूम, महिलाओं के उत्पादों से सजा बाजार


जिला प्रशासन द्वारा आयोजित बोकारो सखी महोत्सव 2026 का शुभारंभ रविवार को सेक्टर -4 स्थित मजदूर मैदान में उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, फिल्मेकर शशि वर्मा के द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक सजावट, विभिन्न स्टॉलों की कतार और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। शुभारंभ के बाद मुख्य अतिथि उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं विशिष्ट अतिथि फिल्मेकर शशि वर्मा ने महोत्सव परिसर का भ्रमण कर स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं द्वारा लगाए गए 53 स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा उनके उत्पादों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। 


महिलाओं द्वारा तैयार उत्पाद मौजूद 

महोत्सव में जिले के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प, पारंपरिक खाद्य सामग्री, हस्तनिर्मित वस्त्र, सजावटी सामान एवं अन्य स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। यह आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। बोकारो सखी महोत्सव में यह कोशिश की गई है कि यह आयोजन केवल सरकारी आयोजन न बन जाए, बल्कि सही मायने में यह महोत्सव का रूप ले, जिसमें यह जन भागीदारी हो, जिसमें अधिक से अधिक लोग आकर महिलाओं के उत्पादन का अवलोकन कर सके आनंद उठा सके और फिर सामानों को खरीद कर महिलाओं के सशक्तिकरण को और गति दे सके। इसके आकर्षण को बनाए रखने के लिए कुछ खास से व्यक्तित्व भी आए जिनकी देश में अपने खास पहचान है। पंचायत फिल्म निर्माता श्री शशि वर्मा की उपस्थिति सखी महोत्सव को महोत्सव का रूप देने में और असरदार रहा। 

गांव की महिलाएं किसी से कम नहीं 

बोकारो सखी महोत्सव सरकार और प्रशासन की एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रतिभा खोजने का, हुनर तलाशने का और इस तरीके से मंच देने का जहां वे खुलकर अपनी बातें रख सके। अपने उत्पाद को प्रदर्शित कर सके और फिर अपने बढ़ते कदम को दिखाते हुए यह साबित कर सके कि वह गांव की महिलाएं किसी से कम नहीं है। मौका चाहिए तो वह फिर वह दिखा देगी कि उनके अंदर भी क्षमता है। उपायुक्त झा ने कहा कि “बोकारो सखी महोत्सव महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत मंच है। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचा रही हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही कहा कि बोकारो सखी महोत्सव 22 मार्च से 25 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को एक मंच प्रदान किया गया है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में आकर इस पहल को सफल बनाए और महिलाओं के उत्पादों को खरीदकर उनको आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों को मजबूती दें। 

महिलाओं के उत्पादों को करें प्रोत्साहित

पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने कहा कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि आमजन सुरक्षित वातावरण में कार्यक्रम का आनंद ले सकें। उन्होंने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महिलाओं के उत्पादों को प्रोत्साहित करें। फिल्मेकर शशि वर्मा ने कहा कि नारी सशक्त है तो समाज सशक्त होगा। उन्होंने लोगो से महिलाओं के उत्पादों को प्रोत्साहित करने और उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने का आवाह्न किया। साथी कहां की चार दिवसीय यह महोत्सव न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का मंच है बल्कि समाज में उनकी भूमिका को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित हो रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ होने के बाद स्वागत भाषण के रूप में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने अपनी वक्तव्य को रखा, जिसमें उन्होंने कहा कि यह महोत्सव बोकारो में पहली बार हो रही जो 22 मार्च से 25 मार्च तक मनाया जाएगा। यह महोत्सव सुबह 10:00 बजे से संध्या 08:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। संध्या 06:00 बजे से रात 08:00 बजे तक संस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बोकारो वासियों से अपील की है कि इस महोत्सव में ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल होकर स्वयं सहायता समूह की सामानों की खरीदारी कर उन सभी महिलाओं को सशक्त बनाएं। 



और नया पुराने