बोकारो ट्रेजरी से 3.15 करोड़ रुपए के निकासी मामले में आरोपी पुलिस विभाग के एकाउंटेंट कौशल कुमार पांडेय को बीएससिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बोकारो ट्रेजरी से वेतन मद में 3.15 करोड़ रुपये की संदिग्ध निकासी के मामले में जिला प्रशासन ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की है। उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर ट्रेजरी ऑफिसर गुलाब चंद उरांव द्वारा संबंधित मामले में बीएससिटी थाने में देर रात प्राथमिकी दर्ज कराई गई। अपने आवेदन में टीओ ने लिखा है कि 06 अप्रैल को एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के क्रम में पाया गया कि पुलिस उप निरीक्षक उपेन्द्र सिंह के नाम से वित्तीय वर्ष 2024-25 के माह मई 2024 से मार्च 2026 तक वेतन मद से निकाली गई राशि को अन्य खातों में स्थानांतरित किया गया।
एकाउंटेंट कौशल पांडेय ने अपनी पत्नी के खाते में पैसे को किया ट्रांसफर
ट्रेजरी ऑफिसर के जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उक्त राशि का स्थानांतरण पुलिस विभाग के अकाउंटेंट कौशल कुमार पाण्डेय द्वारा अपनी पत्नी के बैंक खाते में कराया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है तथा सभी दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन पारदर्शिता एवं जवाबदेही के प्रति प्रतिबद्ध है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उपायुक्त स्वयं पूरी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
Tags
क्राइम
