जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बुधवार डीपीआरसी भवन सभागार में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया।कार्यक्रम में उपस्थित उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनगणना कार्य अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उपायुक्त ने कहा कि जैसा कि इस बार जनगणना का संपूर्ण कार्य ऑनलाइन एप के माध्यम से किया जाएगा। डेटा एंट्री करते ही जानकारी पोर्टल पर प्रदर्शित होने लगेगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी - लेकिन इसके साथ ही त्रुटियों से बचने के लिए अतिरिक्त सतर्कता भी जरूरी है।
दायित्वों का सख्ती से पालन करने का निर्देश
उन्होंने सभी फील्ड ट्रेनरों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी गंभीरता से पालन करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मियों से अपील किया कि वे पूरी एकाग्रता, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि जनगणना कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। प्रशिक्षण सत्र में फील्ड ट्रेनरों को मकान सूचीकरण, डेटा एंट्री प्रक्रिया, ऐप के उपयोग तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे जमीनी स्तर पर कार्य को सुचारू रूप से संचालित कर सकें। मौके पर जिला योजना पदाधिकारी श्री राज शर्मा, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक खलको, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
