CISF ने DPS बोकारो के विद्यार्थियों को सिखाए आग से बचाव के उपाय


आग से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रति वर्ष 14 से 20 अप्रैल तक मनाए जाने वाले अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत दिल्ली पब्लिक स्कूल बोकारो में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की बीएसएल यूनिट की ओर से जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत विद्यार्थियों, विद्यालय के कर्मियों तथा सुरक्षा-प्रहरियों को आग से बचाव की गहन जानकारी दी गई। फायर इंस्पेक्टर राजेश कुमार राय व निलेश कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल ए.ए. खान सहित डीसीपीओ राजेन्द्र कुमार व कांस्टेबल जे. हाजोंग ने अग्नि-सुरक्षा से संबंधित सैद्धांतिक और व्यावहारिक जानकारी दी। फायर इंस्पेक्टर राय ने इस वर्ष के अग्निशमन सप्ताह की थीम-सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल, अग्निसुरक्षा के प्रति जागरुक समाज आग की रोकथाम के लिए एक साथ, की चर्चा करते हुए बच्चों में आग से सुरक्षा के प्रति जागरुकता को अनिवार्य बताया। 

आग से बचाव की जानकारी बच्चों को जानना जरूरी 

आग को एक रासायनिक प्रक्रिया बताते हुए उन्होंने आग के विभिन्न प्रकारों, उसके कारकों और आग की प्रकृति के अनुसार उसे बुझाने के विभिन्न साधनों व तरीकों से अवगत कराया। कहा कि आग लगने की परिस्थिति में सही जानकारी के अभाव में सही समय पर लोग समुचित बचाव नहीं कर पाते। बिजली, लकड़ी, तरल पदार्थ, कोयला, गैस आदि से लगने वाली आगों को बुझाने के अलग-अलग उपाय हैं। इसकी जानकारी सभी को होनी चाहिए, ताकि बड़ी अनहोनी की घटना को टाला जा सके। उन्होंने ए, बी, सी, डी और एफ प्रकार के विशेष अग्निशामकों के इस्तेमाल के बारे में विस्तार से समझाया तथा प्रायोगिक रूप से उन्हें  चलाने का प्रशिक्षण भी दिया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने अगलगी की घटनाओं को बहुत बड़ी समस्या बताते हुए इससे सुरक्षा के प्रति बड़ों के साथ-साथ बच्चों में भी जागरुकता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। साथ ही, इस दिशा में ऐसे प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण बताते हुए सीआईएसएफ की बीएसएल यूनिट के प्रति आभार व्यक्त किया।

और नया पुराने