बोकारो के बालीडीह थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एल्युमिनियम तार चोरी कर खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 70 किलो कटिंग किया हुआ एल्युमिनियम तार और एक अल्टो कार के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बालीडीह थाना को सूचना मिली कि सफेद रंग की अल्टो कार JH10V-3892 में चोरी का एल्यूमिनियम तार लोड कर थाना मोड़ से नरकरा होते हुए ग्रामीण रास्ते से शहर के बाहर ले जाया जा रहा है। सूचना पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराकर थाना मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
कार में रखा हुआ मिला एल्युमिनियम तार
चेकिंग के दौरान उक्त आल्टो कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर घेराबंदी कर नरकरा पुलिया के पास कार को पकड़ लिया। कार में चार लोग सवार थे। जांच करने पर कार के अंदर हरे रंग के बोरे में करीब 70 किलो कटा हुआ एल्यूमिनियम तार बरामद हुआ। वैध कागजात मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी बोकारो स्टील प्लांट के आसपास से एल्युमिनियम तार चोरी कर जमा करते थे और रामगढ़ निवासी रोहित कुमार को बेचते थे, जो माल खपाने का काम करता है।
मुख्य सरगना समेत 4 गिरफ्तार, 2 का है आपराधिक इतिहास भी
इस मामले में बालीडीह थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह का मुख्य सरगना प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु है। गिरफ्तार दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु, सिन्टु कुमार, प्रिंस कुमार, रोहित कुमार, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
