बोकारो में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, पहली बार पूरी प्रक्रिया होगी डिजिटल


जनगणना देश की योजना निर्माण एवं समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस बार की जनगणना देश की 16 वीं. तथा स्वतंत्रता के बाद की 8वी. जनगणना होगी, जिसे पहली बार पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपन्न किया जाएगा। उक्त बातें उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहीं। वह शनिवार को जनगणना 2027 को लेकर समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित संवाददादाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उपायुक्त ने बताया कि जनगणना कार्य 02 चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण में 01 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना तथा 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा। वहीं, दूसरे चरण में 09 फरवरी से 28 फरवरी 2027 (संभावित) के बीच जनसंख्या गणना (पीई) होगी।

जिले में 12 चार्ज, बीएस सिटी को मिला अलग दर्जा

जिले में जनगणना के लिए कुल 12 चार्ज निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 09 ग्रामीण, 02 शहरी तथा 01 चास नगर निगम का अलग चार्ज शामिल है। खास बात यह है कि पहली बार बोकारो स्टील सिटी टाउनशीप को अलग चार्ज ऑफिस का दर्जा मिला है, जिसे जिला प्रशासन के पहल पर 28 अप्रैल 2026 को जनगणना निदेशालय, भारत सरकार से स्वीकृति प्राप्त हुई है। जिसके चार्ज पदाधिकारी अंचलाधिकारी चास होंगे। जनगणना कार्य के दौरान प्रगणक विशेष मोबाइल एप (एचएलओ एप) के माध्यम से घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगे। वहीं, पूरी प्रक्रिया की निगरानी सीएमएमएस (Census Management and Monitoring System) पोर्टल के जरिए की जाएगी। स्व-गणना के तहत नागरिक आधिकारिक पोर्टल http//se.census.gov.in पर स्वयं अपने परिवार एवं आवास से जुड़े 33 प्रश्नों के उत्तर दर्ज कर सकेंगे।

गोपनीयता को लेकर प्रशासन का आश्वासन

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जनगणना में दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल जनगणना कार्य के लिए ही होगा। इन आंकड़ों का उपयोग किसी भी जांच या साक्ष्य के रूप में नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि जनगणना के लिए कोई अलग मोबाइल एप आम नागरिकों के लिए उपलब्ध नहीं है तथा किसी भी प्रकार की जानकारी फोन कॉल, ओटीपी या बैंक विवरण के माध्यम से नहीं मांगी जाएगी। निर्धारित 33 प्रश्नों के अतिरिक्त कोई भी जानकारी न दें, जनगणना के नाम पर किसी प्रकार का भुगतान नहीं करें और बिना पहचान सत्यापन के किसी को जानकारी नहीं दें। साथ ही, नागरिकों से अपील की है कि वे सही और सटीक जानकारी दें, प्रगणकों का सहयोग करें और स्व-गणना का अधिक से अधिक उपयोग करें। वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें। भारतीय एवं जिम्मेवार नागरिग होने का परिचय दें।

जिले में जनगणना कार्य की व्यापक तैयारियां

मौके पर उपस्थित जनगणना कार्य के वरीय नोडल पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी ने बताया कि जिले में कुल 3782 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स बनाए गए हैं। इसके लिए 678 सुपरवाइजर और 4039 प्रगणकों की तैनाती की गई है। मास्टर ट्रेनर और अन्य अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि 27 अप्रैल से 09 मई 2026 तक फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मौके पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी आशोक खालको, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।


और नया पुराने