पिछले नौ माह से रहस्यमय तरीके से गायब बोकारो के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के खूंटाडीह की रहनेवाली 18 वर्षीया पुष्पा महतो का कंकाल पिंडराजोरा थाना के ही मधुटांड के एक सूनसान जंगल में मिला। शव पर केवल कंकाल ही बचा हुआ है और माना यह जा रहा है कि वह कंकाल उसी पुष्पा महतो का है, जो पिछले साल की 21 जुलाई 2025 से रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थी। इस मामले को लेकर पिछले नौ माह से परिजन न्याय की गुहार लगा रहे थे। पुलिस की फजीहत का भी यह मामला कारण बना। इस मामले में हाई कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा। मामले में पिडंराजोरा के थानेदार सहित 28 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड करना पड़ा। झारखंड की डीजीपी और बोकारो के एसपी को हाई कोर्ट ने तलब किया। जिला परिषद की उपाध्यक्ष बबीता कुमारी ने इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार को सहयोग दिया और उनके साथ खड़ी रहीं। झारखंड हाई कोर्ट ने इस मामले में पीडित परिवार के रिश्तेदार की बेरहमी पुलिस की ओर से तथाकथित पिटाई के मामले पर गंभीर रूख अपनाया।
आख़िरकार वही दिनेश ही निकला गुनहगार
जिसकी पिटाई हुई उसका इलाज रांची के सैनिक अस्पताल में कराने का निर्देश दिया और इस मामले की डीआईजी से जांच कराकर उसकी रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में समर्पित करने का निर्देश दिया। इसी निर्देश के आलोक में रांची से डीआईजी संध्या रानी मेहता शनिवार को ही बोकारो आई थी और पूछताछ कर बयान रिकार्ड कर लौट गई थीं। लेकिन उनके जाने के बाद ही इस मामले में पुलिस को ब्रेक मिल गया और फिर पुष्पा का कंकाल बरामद हो गया। इसी के साथ नौ महीने से अंधेरे में झूल रही उसकी रहस्यमयी गुमशुदगी का बहुत ही दुखद पटाक्षेप हो गया। उसके बाद जो जानकारी मिली है, इस कांड को अंजाम देनेवोला कोई और नहीं बल्कि उसका तीन साल से प्रेमी रहा दिनेश महतो ही निकला। वहीं दिनेश महतो जिसके बारे में परिजन लगातार आरोप लगा रहे थे। शक जाहिर कर रहे थे और पुलिस को लगातार बता रहे थे। पर पुलिस ने उससे पूछताछ करने की बजाय उसे क्लीन चिट दे रखा था। उसके नारको टेस्ट की बात भी आई , मगर इस मामले में पुलिस की दिलचस्पी का अभाव रहा. ऐसा परिजनों का आरोप है।
मृतका के शरीर का 19 हड्डी का टुकड़ा बरामद किया गया
परिजन जहां भी जाते थे, अपने लिए न्याय की गुहार, अपनी बेटी की बरामदगी का आग्रह करते थे और साफ तौर से कहते थे कि जिसे पुलिस क्लीन चिट देकर थाने में बुलाकार चाय पानी करा रही है, उसी दिनेश महतो ने उनकी बेटी का अपहरण किया है गायब किया है और फिर पता नहीं कहां छुपा रखा है। परिजन यह कहते थे कि दिनेश महतो से उसकी बेटी का तीन साल से प्रेम-प्रसंग का चक्कर चल रहा था, और उसने शादी करने से इंकार कर दिया था तो उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी गई थी। लेकिन इसी बीच वह 21 जुलाई को घर से कालेज में नामाकंन कराने को निकली थी. उसने किसी अन्य की साईकिल ले रखी थी। पर इसके बाद गायब हो गई । उसकी साईकिल कहीं और मिल गई. मगर उसका अता पता नहीं चला। पुलिस कार्रवाई के बाद दिनेश कुमार महतो की निशान देही पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस को हत्या में प्रयुक्त किया गया चाकू, मृतका के द्वारा घटना के दिन पहना हुआ कपड़ा, अभियुक्त का चार मोबाइल, घटना स्थल से मृतका के शरीर का 19 हड्डी का टुकड़ा, मृतका का सिर का बाल काले रंग का रबर बैंड लगा हुआ बरामद किया गया.
