बोकारो जिला के बेरमो और चन्द्रपुरा थाना क्षेत्र में बीते कुछ महीने पहले ज्वेलरी दुकानों से करीब 15 लाख रुपये के सोना-चांदी के आभूषण चोरी मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य आरोपी निसार अली उर्फ काला को उड़ीसा के रायगड़ा से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कॉल डम्प, तकनीकी विश्लेषण एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे उसके घर से दबोचा है। बोकारो एसपी हरविंदर सिंह के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर चन्द्रपुरा एवं फुसरो बाजार स्थित ज्वेलरी दुकानों में दुकानदारों को बातों में उलझाकर चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
आरोपी की निशानदेही पर 8 लाख रुपए मूल्य के जेवरात बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सोना का चेन 4 पीस, ईयर रिंग कुल 30 पीस (कुल वजन 65.19 ग्राम) बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कोरापुर जेल जा चुका है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Tags
क्राइम
