मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, डीसी ने वालंटियर्स को दिए अहम निर्देश


शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के सफल संचालन में वालंटियर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे डी.ए.वी इस्पात पब्लिक स्कूल, सेक्टर-2सी में आयोजित वालंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यालय तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज में टीचर, फ्रेंड, फिलॉसफर एवं गाइड की भूमिका निभाते हैं। एसआईआर-2026 के दौरान वालंटियर्स को भी इसी भावना के साथ कार्य करना है। उन्हें बीएलओ और मतदाताओं के बीच प्रभावी सेतु बनकर दोनों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करना होगा।

प्रत्येक मतदाता तक पहुंचे प्रपत्र

उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्य की पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में शामिल प्रत्येक व्यक्ति तक प्रपत्र पहुंचे। एक परिवार में जितने भी मतदाता हों, सभी को अलग-अलग प्रपत्र उपलब्ध कराना आवश्यक है। सभी पात्र मतदाताओं तक प्रपत्र पहुंच जाना इस अभियान की सफलता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। डीईओ सह डीसी ने कहा कि वालंटियर्स अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करें, उन्हें प्रक्रिया की जानकारी दें तथा उनकी शंकाओं का समाधान करें। जागरूकता और संवाद के माध्यम से ही पुनरीक्षण कार्य को सफल बनाया जा सकता है। अपर समाहर्ता (एसी) सह निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सुनील चंद्र ने कहा कि एसआईआर-2026 के दौरान वालंटियर्स प्रशासन और आमजन के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाएंगे। आम नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया, प्रपत्रों एवं आवश्यक दस्तावेजों की सही जानकारी उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।

तकनीकी जानकारी को समझना जरूरी

उन्होंने कहा कि यह कार्य तकनीकी प्रकृति का है। इसलिए वालंटियर्स को पूरी प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं को अच्छी तरह समझना होगा, ताकि वे मतदाताओं का प्रभावी मार्गदर्शन कर सकें। उन्होंने सभी वालंटियर्स से दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि कोई भी पात्र मतदाता जानकारी के अभाव में छूटने नहीं पाए। इससे पूर्व, अनुमंडल पदाधिकारी, चास श्रीमती प्रांजल ढांडा तथा सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ)-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया, प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, मतदाता सत्यापन, वालंटियर्स की भूमिका तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

और नया पुराने