बोकारो के गोमिया में खौफनाक वारदात, बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता की हत्या की


बोकारो जिला के गोमिया प्रखंड अंतर्गत तिलैया पंचायत के लुगू पहाड़ की तलहटी में बसे कारीपानी गांव से रिश्तों को शर्मसार और रूह कंपा देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शुक्रवार की देर रात शराब के नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद में अपने ही सगे पिता की टांगी (कुल्हाड़ी) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय आरोपी बेटा अर्जुन करमाली अपने मामा के घर आयोजित एक कार्यक्रम से देर रात अत्यधिक शराब पीकर लौटा था, वह पूरी तरह नशे में धुत था।


घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई

बेटे की इस लाइलाज लत और आए दिन के तमाशे से तंग आकर उसके 63 वर्षीय बुजुर्ग पिता जयलाल करमाली ने उसे फटकार लगाई। पिता ने उसे सुधरने की नसीहत देते हुए कहा कि उसकी इसी शराब की लत के कारण घर में हमेशा अशांति रहती है और उसकी पत्नी भी रोज-रोज की मारपीट से तंग आकर अपने मायके चली गई है। पिता की यह नसीहत नशे में अंधे हो चुके बेटे को इतनी नागवार गुजरी कि उसका खून खौल उठा। उसने आव देखा न ताव, गुस्से में आपा खोकर घर में रखी धारदार टांगी उठाई और अपने बुजुर्ग पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। वार इतना जोरदार और घातक था कि लहूलुहान हालत में जयलाल करमाली की घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई।

और नया पुराने