बोकारो पावर सप्लाई कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (BPSCL) के कोल हैंडलिंग प्लांट में बुधवार को एक संविदा कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान 37 वर्षीय शिव शंकर हेम्ब्रम के रूप में हुई है। वह BPSCL में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बोकारो के फैक्ट्री इंस्पेक्टर शिवानंद लगुरी ने घटना की पुष्टि की है।
मौत के असली कारण का पता नहीं चल पाया है
उन्होंने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है, लेकिन अभी तक मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। फैक्ट्री इंस्पेक्टर के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। घटना को लेकर BPSCL के अधिकारियों ने फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुधीर व्यास से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका। सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल BPSCL के औद्योगिक क्षेत्र में संविदा कर्मी की मौत के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी। बताया जा रहा है कि मृतक BPSCL में सुपरवाइजर पद पर कार्यरत था। बुधवार को ड्यूटी के दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया।
