जेईई मेन्स (सेशन-1 एवं सेशन-2) में उल्लेखनीय सफलता के बाद चिन्मय विद्यालय बोकारो के विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस 2026 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है। सोमवार को परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल छा गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर आचार्या स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती, अध्यक्ष बिस्वरूप मुखोपाध्याय, सचिव महेश त्रिपाठी, प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप-प्राचार्य नर्मेन्द्र कुमार तथा उप-प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का उत्सव मनाया। प्राप्त परिणामों के अनुसार, आर्यन ने ऑल इंडिया कॉमन रैंक लिस्ट में 1097वीं रैंक तथा जनरल ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 128वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त ईशान सिन्हा ने 2584वीं रैंक, के. सूर्या नारायण ने 9738वीं रैंक, प्रियांशु राज ने 15338वीं रैंक (ईडब्ल्यूएस रैंक-2082), आदित्य रंजन ने 15388वीं रैंक, नारायण रॉय ने 15755वीं रैंक, ऋशु राज ने 18372वीं रैंक (ईडब्ल्यूएस रैंक-4941), सिद्धांत सिन्हा ने 24285वीं रैंक तथा अभी कुमार ने 26095वीं रैंक (ओबीसी-एनसीएल रैंक-7415) प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
विद्यालय के छात्रों की मेहनत का परिणाम
विद्यालय के सचिव महेश त्रिपाठी ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां ही किसी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान होती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग के परिणामस्वरूप यह सफलता संभव हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये विद्यार्थी भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। विद्यालय के प्राचार्य सूरज शर्मा ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चिन्मय विद्यालय बोकारो सदैव शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन और मूल्य-आधारित शिक्षा के लिए जाना जाता रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। जेईई एडवांस 2026 का यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।