झारखंड स्टेट स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए बोकारो की टीम घोषित, 21 तैराकों का हुआ चयन


आगामी 24-26 जुलाई, 2026 को होटवार, रांची स्थित वीर बुद्ध भगत एक्वेटिक स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्विमिंग पूल में आयोजित 16वीं जूनियर एवं सब-जूनियर झारखंड राज्य तैराकी प्रतियोगिता के लिए बोकारो जिले की टीम गठित कर ली गई। बोकारो डिस्ट्रिक्ट स्विमिंग एसोसिएशन के बैनर तले रविवार सुबह नगर के सेक्टर-4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो परिसर स्थित स्विमिंग पूल में बोकारो टीम का चयन ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न स्कूलों एवं अन्य जगहों से लगभग 100 प्रतिभागी बच्चों ने भाग लिया। बोकारो टीम का हिस्सा बनने के लिए उनमें काफी उत्साह दिखा। सुबह छह बजे से ही उनका आना शुरू हो गया। सभी ने पूरे उत्साह के साथ पूल में छलांग लगाई और स्विमिंग की फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटरफ्लाई स्ट्रोक, व्यक्तिगत मेडले, फ्रीस्टाइल रिले और मेडले रिले रेस स्पर्धाओं में जमकर अपने जौहर दिखाए। समेकित रूप से सभी स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर टीम के तैराकों का चयन किया गया। 

21 बाल तैराकों का हुआ चयन 

बोकारो डिस्ट्रिक्ट स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए एस गंगवार के अनुसार, चयन प्रक्रिया के तहत कुल 21 बाल तैराक बोकारो टीम के लिए चयनित किए गए। इनमें बालक वर्ग में 13 एवं बालिकाओं के वर्ग में आठ तैराक शामिल हैं। बालकों की टीम में अंकित बासु, रेहान अहमद, आरव कुमार, ईशान शर्मा, युवराज सिंह, अतुल्य प्रकाश, लवित लुकेश, दर्श प्रसाद, पुन्नान पुरहान, रुद्र सिंह, अवियांक मंडल, अपूर्व सिंह और दर्शिल राज तथा बालिकाओं के दल में दिव्यांशी आर्या, मरियम हुसैन, आद्या प्रीशा, अरुणिमा, अंशिका आनंद, चारवी सिंह, ईशान्वी आर्या एवं ईशानी शुक्ला के नाम शामिल हैं। ये सभी चयनित प्रतिभागी होटवार, रांची में होने वाली राज्यस्तरीय उक्त प्रतियोगिता में बोकारो जिले का प्रतिनिधित्व करेगे। डॉ. गंगवार ने टीम के सभी सदस्यों को उम्दा प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। टीम के साथ प्रशिक्षक के रूप में रूपेश कुमार मौजूद रहेंगे।

और नया पुराने