नेशनल कराटे चैंपियनशिप में DPS बोकारो का दमदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते 2 रजत और 2 कांस्य पदक


कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया (केएआई) से संबद्ध ऑल बंगाल स्पोर्ट्स कराटे-डो-एसोसिएशन की मेजबानी में हुगली (पश्चिम बंगाल) में आयोजित नेशनल कराटे चैंपियनशिप 2026 में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के बाल कराटेकारों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड टीम की तरफ से शानदार प्रतिभागिता दर्ज की। केएआई सबजूनियर, कैडेट एवं जूनियर कराटे चैम्पियनशिप 2026 में विद्यालय के छात्र अक्षर कुमार ने सब-जूनियर बालक 8-9 वर्ष आयुवर्ग की -25 किलोग्राम कुमिते स्पर्धा में रजत पदक जीतकर प्रथम उपविजेता बनने का गौरव पाया। इसी कैटेगरी व आयुवर्ग की -30 किलोग्राम कुमिते स्पर्धा में मायोन शारव ने भी उम्दा प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान के साथ रजत पदक अपने नाम किया। इसी प्रकार, सब-जूनियर बालिका 10-11 वर्ष आयुवर्ग की काता स्पर्धा में छात्रा भाव्या बिष्ट ने कांस्य पदक जीत द्वितीय उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर बालक 8-9 वर्ष आयुवर्ग की कुमिते 35 किलोग्राम से अधिक की स्पर्धा में विद्यालय के छात्र आरव कुमार ने तीसरे स्थान पाने के साथ कांस्य पदक जीता। 

विजेता विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत 

विद्यालय के प्राचार्य एवं खेल कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के चेयरमैन डॉ. ए. एस. गंगवार ने उक्त नन्हे कराटेबाजों के उल्लेखनीय प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय और बोकारो जिले के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताई। उन्होंने चारों विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. गंगवार ने कराटे को आत्मरक्षा का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थियों के शारीरिक व मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन और आत्मविश्वास भी पैदा करता है। विदित हो कि डीपीएस बोकारो केएआई से संबद्ध खेल कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सहयोग से अपने विद्यार्थियों को लगातार मार्शल आर्ट का सघन प्रशिक्षण दे रहा है। इसी का परिणाम है कि बच्चे लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में भी बेहतर परिणाम हासिल कर रहे हैं। इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक शिहान खेदू गोराईं भी उपस्थित थे।

और नया पुराने