पीएम मोदी के साथ लाइव जुड़े चिन्मय विद्यालय के छात्र, नशे से दूर रहने की ली शपथ


चिन्मय विद्यालय, बोकारो के सेमिनार हॉल में रविवार, 2 अगस्त को ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ लाइव जुड़कर उनके प्रेरणादायी संबोधन को सुना। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था! कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक शांति पाठ एवं ‘गीता पंचामृत’ के सामूहिक सस्वर पाठ से हुआ, जिसने पूरे सभागार को आध्यात्मिक एवं सकारात्मक वातावरण से आलोकित कर दिया। इसके पश्चात कक्षा 12 की छात्रा राशि के प्रभावी संचालन में विद्यार्थियों ने प्रेरक भाषण, ओजस्वी स्लैम पोएट्री तथा मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर आधारित एक विचारोत्तेजक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं गंभीरता के साथ इन प्रस्तुतियों का अवलोकन किया और उनके संदेश को आत्मसात किया। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में इसके प्रति निरंतर जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

नशा माता-पिता के सपनों को चूर कर देता है 

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण की सबसे मजबूत नींव आज के युवा हैं। उन्होंने कहा कि “नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि एक मां के सपनों और पूरे परिवार की आशाओं को भी चकनाचूर कर देता है।” उन्होंने युवाओं से ड्रग्स एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा को इनके दुष्प्रभावों के प्रति सजग और जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने इस अभियान को राष्ट्रीय जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि यह अभियान देशभर के आध्यात्मिक संगठनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक संगठनों एवं औद्योगिक संघों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि इस अभियान का पायलट प्रोजेक्ट पिछले वर्ष काशी से प्रारंभ हुआ था और आज यह एक व्यापक राष्ट्रीय जन-जागरूकता अभियान का रूप ले चुका है। इस अभियान में चिन्मय मिशन सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों की सक्रिय सहभागिता रही। मौके पर विद्यालय के सचिव महेश त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष आर. एन. मलिक, प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप-प्राचार्य  नरमेंद्र कुमार तथा उप-प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन एनआईसी, बोकारो के प्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें विद्यालय के 375 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की।



और नया पुराने