बोकारो इस्पात संयंत्र के सतर्कता विभाग द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 एवं तीन माह के विशेष निवारक सतर्कता अभियान के अंतर्गत 12 अक्टूबर 2026 को विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस क्रम में कॉन्ट्रैक्ट सेल (नॉन-वर्क्स) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक संवादात्मक बैठक आयोजित की गई। वहीं, डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल, सेक्टर-12ई में हिंदी भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा, नैतिकता एवं पारदर्शिता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ पर आधारित इन पहलों का उद्देश्य कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और ईमानदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कॉन्ट्रैक्ट सेल (नॉन-वर्क्स) में आयोजित संवादात्मक बैठक का शुभारंभ सत्यनिष्ठा की शपथ के साथ हुआ। बैठक में कॉन्ट्रैक्ट सेल (नॉन-वर्क्स) एवं सतर्कता विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान निविदा दस्तावेजों में अस्पष्टताओं, कार्य निष्पादन के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों तथा निवारक सतर्कता के माध्यम से प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य निविदा संबंधी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाना, जवाबदेही को सुदृढ़ करना तथा संभावित अनियमितताओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुधारात्मक एवं निवारक उपायों को प्रोत्साहित करना था।
विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा अपनाने पर दिया गया जोर
इसी क्रम में डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल, सेक्टर-12ई में आयोजित हिंदी भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में लगभग 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में बीएसएल के सतर्कता विभाग के अधिकारियों के साथ विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, नैतिकता एवं जिम्मेदार आचरण के महत्व से परिचित कराया गया तथा इन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। हिंदी भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 10 की पूजा भारती ने प्रथम, संजना रंजन ने द्वितीय तथा छोटी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, कक्षा 10 की रोशनी कुमारी को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 6 की सृष्टि कुमारी ने प्रथम तथा सत्य भारती ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 8 की रागिनी कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि इसी कक्षा की नेहा शर्मा को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। बीएसएल का सतर्कता विभाग विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों एवं संवादात्मक पहलों के माध्यम से संयंत्र की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, नैतिकता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। साथ ही, विद्यार्थियों एवं समाज में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में भी विभाग द्वारा लगातार पहल की जा रही है।
