गीता ज्ञान प्रतियोगिता में प्राची ने हासिल किया प्रथम स्थान, इनाम में मिली साइकिल


बोकारो के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सेक्टर 2 में इस्कॉन मंदिर, वृंदावन से पधारे प्रभु जी के सान्निध्य में एक सप्ताह तक हरे राम-हरे कृष्ण महामंत्र के भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के भैया-बहनों के बीच श्रीमद्भगवद्गीता से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवद्गीता के उपदेशों, जीवन मूल्यों एवं आध्यात्मिक ज्ञान से परिचित कराया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ एवं पंचम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कारों में प्रथम स्थान के लिए साइकिल, द्वितीय स्थान के लिए स्मार्ट वॉच तथा तृतीय स्थान के लिए श्रीमद्भगवद्गीता सहित अन्य पुरस्कार प्रदान किए गए।

श्रीमद्भगवद्गीता के आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देना मुख्य उद्देश्य 

कक्षा अष्टम की बहन प्राची ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उन्हें प्रथम पुरस्कार के रूप में साइकिल भेंट की गई। इस पुरस्कार को डॉ. रोहित केशव, न्यूरोलॉजिस्ट, एवं उनकी पत्नी लवली सिंह ने प्रायोजित किया। एक सप्ताह तक चले इस आध्यात्मिक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का समापन खिचड़ी प्रसाद एवं महाभोग के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सभी भैया-बहनों एवं आचार्यों ने सामूहिक रूप से महाभोग ग्रहण किया। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा एवं उत्साह का वातावरण बना रहा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ-साथ श्रीमद्भगवद्गीता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देना था।

और नया पुराने