बोकारो स्टील प्लांट के सतर्कता विभाग के तत्वावधान में 26 अक्टूबर 2026 को इस्पात भवन पोर्टिको में ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीएसएल के निदेशक प्रभारी उपस्थित थे। इस अवसर पर संयंत्र के अधिशासी निदेशक, विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्मिक उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) की केंद्रीय थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि' के अंतर्गत 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ मनाया जा रहा है। साथ ही, 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक तीन माह का विशेष निवारक सतर्कता अभियान भी संचालित किया जा रहा है।
केंद्रीय सतर्कता आयोग से जारी विशेष सतर्कता 'जिंगल' का प्रसारण हुआ
कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम निदेशक प्रभारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने दैनिक कार्यप्रणाली, संगठनात्मक निर्णयों एवं व्यावसायिक आचरण में नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता, शुचिता और सत्यनिष्ठा को आत्मसात करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय सतर्कता आयोग के संदेशों का वाचन किया। साथ ही, केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा जारी विशेष सतर्कता 'जिंगल' का प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सहायक महाप्रबंधक (सतर्कता) द्वारा किया गया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ के माध्यम से बीएसएल में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित कार्य-संस्कृति को और सुदृढ़ करने तथा भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।