दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो का वार्षिकोत्सव 'नक्षत्र' शुक्रवार को पूरे धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गीत-संगीत व नृत्य प्रस्तुतियों की सतरंगी छटा के बीच विद्यालय के प्रतिभावान सितारे खूब चमके। समारोह में सत्र 2025-26 में असाधारण शैक्षिक प्रदर्शन के लिए कक्षा 6 से 11वीं के कुल 429 प्रतिभावान विद्यार्थियों को बैज व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। जबकि, लगातार तीन वर्षों तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले छात्र-छात्राओं को ब्लू बैज, ब्लू ब्लेजर व सर्टिफिकेट देकर नवाजा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र (बोकारो) के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा (भापुसे) एवं सम्मानित अतिथि बीआईटी मेसरा, रांची में स्पेस इंजीनियरिंग व रॉकेट्री विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुदीप दास ने बच्चों को सम्मानित किया। इसके अलावा, विद्यालय द्वारा अभिवंचित वर्ग के बच्चों के शिक्षार्थ संचालित दीपांश शिक्षा केंद्र के नन्हे विद्यार्थियों के बीच स्वेटर का वितरण भी किया गया।
दीर्घकालिक सफलता के लिए शॉर्टकट नहीं
मुख्य अतिथि आईजी सिन्हा ने इस 'नक्षत्र' कार्यक्रम को प्रतिभाओं के तारामंडल की संज्ञा दी और सभी सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई दी। बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उन्होंने कहा कि दीर्घकालिक सफलता के लिए शॉर्टकट नहीं, लगातार मेहनत ही एकमात्र विकल्प है। हर बच्चा प्रतिभावान है। अपनी प्रतिभा निखारकर उसकी चमक से समाज व राष्ट्र को रोशन करें। उन्होंने कहा कि बहुआयामी अवसरों के इस दौर में बच्चे बड़े सपने देखें। यह पुरस्कार मुकाम नहीं है, लगातार आगे बढ़ते रहें। अपने जीवन का जो भी लक्ष्य बनाएं, उसे पाने के लिए सतत परिश्रम करें। निश्चय ही सपने साकार होंगे और सफलता आपके कदम चूमेगी। उन्होंने क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी और बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद की मिसाल देकर भी बच्चों को प्रेरित किया। श्री सिन्हा ने कहा कि डीपीएस बोकारो सहित विभिन्न विद्यालयों ने बोकारो को इस्पात-निर्माता के साथ-साथ शैक्षणिक नगरी के रूप में भी खास पहचान दिलाई है। बच्चे इसकी गरिमा को बनाए रखें। आईजी ने उपस्थित अभिभावकों से अपने बच्चों के साथ समय बिताने तथा उनकी प्रतिभा को सही दिशा देने में सहयोग की अपील की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने मन मोहा
सम्मानित अतिथि डॉ. दास ने उक्त आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि डीपीएस बोकारो न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश में अपनी उत्कृष्टता के लिए जाना जाता है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने सभी आगत अतिथियों, अभिभावकों व विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए नक्षत्र के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके पूर्व, अतिथियों ने प्राचार्य के साथ मिलकर संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। विद्यालय की हेड गर्ल स्वर्णिम ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। समारोह के दौरान विद्यालय की वार्षिक पत्रिका डिप्स रिफ्लेक्शन के 2025-26 सत्र के अंक का विमोचन भी किया गया। इस पत्रिका में विद्यालय की वार्षिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की रचनात्मकता को आकर्षक पृष्ठ-सज्जा के साथ समाहित किया गया है।
