बोकारो की साक्षी गुप्ता ने SGFI राष्ट्रीय जूडो में जीता कांस्य पदक, झारखंड का बढ़ाया मान


बोकारो के दी पेन्टिकॉस्टल असेंबली स्कूल की कक्षा आठवीं ‘सी’ की छात्रा साक्षी गुप्ता ने 70वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में “कांस्य पदक”  जीतकर विद्यालय और झारखंड को गौरवान्वित किया है। नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने अंडर-14 बालिका जूडो की 44 किलोग्राम भार श्रेणी में यह सफलता हासिल की। देशभर की युवा जूडो खिलाड़ियों के बीच “राष्ट्रीय पदक”  जीतना साक्षी के खेल सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। स्थानीय समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार, चालू सत्र की राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं में यह झारखंड का “तीसरा” पदक है। साक्षी की इस सफलता से पीएएस परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है।

राष्ट्रीय पदक विजेता तक का सफर दृढ़ संकल्प का परिचायक 

इससे पहले साक्षी “बोकारो जिला जूडो चैंपियनशिप” में ‘स्वर्ण पदक’ जीत चुकी हैं। जिला चैंपियन से राष्ट्रीय पदक विजेता तक का उनका सफर अनुशासन, लगन और दृढ़ संकल्प का परिचायक है। उनकी उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी अपनी प्रतिभा निखारने और ऊँचे लक्ष्यों की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। प्राचार्या डॉ. करुणा प्रसाद ने साक्षी को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई दी तथा दृढ़ संकल्प, विनम्रता और सच्ची खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यालय परिवार ने साक्षी की “राष्ट्रीय सफलता’  का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।




और नया पुराने